
... Read More
Written By: Anshumala | Published : September 3, 2018 11:20 AM IST
हिप जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के सिस्टम से रीप्लेस कराया है तो नियमित रूप से हिप की जांच कराएं। © Shutterstock.
अगर आपने भी अपना हिप जॉनसन एंड जॉनसन के हिप रीप्लेसमेंट सिस्टम से बदलवाया है तो आप सावधान हो जाएं और तुरंत ही अपने डॉक्टर से संपर्क करें क्योंकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की जांच समिति की रिपोर्ट के मुताबिक, न केवल यह हिप रिप्लेसमेंट सिस्टम घटिया है बल्कि इससे मरीजों की जान पर बन आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, एएसआर एक्सएल एक्टाबुलर हिप सिस्टम और एएसआर हिप रीसर्फेसिंग सिस्टम में बेहद घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है, जिससे वह जहरीला हो गया है। इस वजह से कई मरीजों को रिविजन सर्जरी करानी पड़ी है।
क्यों खड़ा हुआ विवाद ?
एक रिपोर्ट के मुताबिक, ये इम्प्लांट मेटल ऑन मेटल है। इसमें कोबाल्ट, क्रोमियम और मोलिबडेनम मुख्य अवयव हैं। मेटल ऑन मेटल इंप्लांट से खून में कोबाल्ट और क्रोमियम की बहुत ज्यादा मात्रा हो जाती है, जिससे ये मेटल आयन्स टिशूज और शरीर के अंगों को नुकसान पहुंचाता है। इससे और भी कई स्वास्थ्य की समस्याएं हो सकती हैं। इससे दर्द भी बढ़ता और सक्रियता भी कम होती है।
पढ़ें- हिप इम्प्लांट विवाद: पीड़ित मरीजों को मुआवजा देगी जॉनसन एंड जॉनसन ?
सिस्टम में क्या है खराबी ?
जब प्रोस्थेटिक बॉल और सॉकेट आपस में रगड़ते थे तो यह खराब होने लगते थे। अगर इंप्लांट मेटल ऑन मेटल है तो इससे धातु निकलकर रक्त में मिल जाती है। इससे दिक्कत खड़ी हो जाती है और कई बार रिविजन सर्जरी की जरूरत पड़ती है। दुनिया में लगभग 93,000 रोगियों को यह इम्प्लांट लगा है। कई को इससे काफी तकलीफ हुई है। उनकी दोबारा सर्जरी करनी पड़ी है। कई के एएसआर इम्प्लांट बदले गए हैं। इस कारण कंपनी ने 2010 में इन्हें खुद ही वापस मंगा लिया था।
अब क्या करें मरीज ?
अगर आपने भी अपना हिप जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के सिस्टम से रिप्लेस कराया है तो न केवल नियमित रूप से अपनी हिप की जांच कराएं, बल्कि डॉक्टर की सलाह पर अपने खून में कोबाल्ट, क्रोमियम जैसे तत्वों की मात्रा की भी जांच कराएं। अगर आपके हिप में लगातार दर्द करता है, आप ज्यादा सुस्ती महसूस करते हैं या कोई अन्य शारीरिक परेशानी होती है तो आप फौरन डॉक्टर से मिलें और इसकी जांच कराएं कि कहीं यह आपके शरीर में मौजूद खराब हिप सिस्टम की वजह से तो नहीं है।