Heatwave In India: बढ़ती गर्मी के बीच केंद्र की राज्य सरकारों को हिदायत,गर्मी में बीमारियों की रोकथाम के लिए करें इंतजाम

स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से राज्यों को एक पत्र में लिखा गया है कि राज्य के स्वास्थ्य विभाग को गर्मी की बीमारियों से निपटने के लिए प्रबंधन के प्रयास जारी रखने चाहिए।

WrittenBy

Written By: Sadhna Tiwari | Updated : May 2, 2022 12:21 PM IST

Heatwave alert in India: देशभर में गर्मी में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इस बीच कई स्थानों पर तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। ऐसे में लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए  केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एक पत्र लिखा। इस पत्र में गर्मी से संबंधित बीमारियों पर राष्ट्रीय कार्य योजना के बारे में लिखा गया। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने इस पत्र में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 'हीट वेव' (Heatwave) के मामलों के प्रभावी प्रबंधन के लिए सभी जिलों में गर्मी से जुड़ी बीमारियों पर दिशानिर्देश जारी करने को कहा है।(Heatwave alert in India in hindi)

राज्य सरकारों को विशेष निर्देश

गर्मियों के मौसम में डिहाइड्रेशन, कमजोरी, लू लगने और आंखों से जुड़ी समस्याएं बढ़ जाती हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने पत्र में लिखा कि, "1 मार्च से देश के सभी राज्यों और जिलों में एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) के तहत गर्मी से संबंधित बीमारियों पर दैनिक निगरानी शुरू की गयी है। कृपया सुनिश्चित करें कि ये दैनिक निगरानी रिपोर्ट एनसीडीसी के साथ साझा की जाती है। दैनिक गर्मी अलर्ट जो आईएमडी द्वारा साझा किए जा रहे हैं साथ ही राज्यों के साथ एनसीडीसी अगले 3-4 दिनों के लिए गर्मी की लहर के पूर्वानुमान का संकेत देता है और जिला स्वास्थ्य सुविधा स्तर पर तुरंत प्रसारित किया जा सकता है।"वहीं, पत्र में आगे लिखा गया है कि,

  • राज्य के स्वास्थ्य विभाग को अपने अधीन काम करने वाले  चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मचारियों और ग्राउंड स्टाफ को गर्मी से जुड़ी बीमारियों की पहचान और प्रबंधन के प्रयास जारी रखने के निर्देश देने चाहिए।
  • "आवश्यक दवाओं, तरल पदार्थ, आइस पैक, ओआरएस (ORS) और अन्य सभी आवश्यक उपकरणों के पर्याप्त स्टॉक और उपलब्धता की समीक्षा की जानी चाहिए।
  • डिहाइड्रेशन से बचाव हेतु सभी स्वास्थ्य सुविधा इकाइयों में पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
  • बिजली की लगातार सप्लाई सुनिश्चित की जाए ताकि महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कोल्ड स्टोरेज और अन्य उपकरणों को लगातार चालू रखा जा सके।
  • केंद्र ने राज्यों को सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) के साथ-साथ समुदाय स्तर की जागरूकता सामग्री का उपयोग करने के लिए कहा है, ताकि लोग गर्मी की लहर से खुद को बचाने के लिए बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।

(आईएएनएस)

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source