दो चिकित्सा ब्रिगेड क्यूबा से रवाना

WrittenBy

Written By: Agencies | Published : October 21, 2014 5:39 PM IST

क्यूबा के राष्ट्रपति राउल कास्त्रो ने कहा है कि इबोला महामारी से मुकाबले में मदद के लिए क्यूबा से इस सप्ताह दो चिकित्सा ब्रिगेड लाइबेरिया और गिनी कोनाक्री रवाना किए जाएंगे। कास्त्रो ने इबोला से निपटने और इसे फैलने से रोकने के लिए सोमवार को हवाना में आयोजित पीपल्स ऑफ ऑवर अमेरिका (एएलबीए) सम्मेलन के उद्घाटन में यह घोषणा की। क्यूबा के स्वास्थ्य मंत्री रॉबटरे मोरालेस ने एएलबीए में बताया कि क्यूबा मंगलवार को लाइबेरिया में 53 और गिनी कोनाक्री में 38 स्वास्थ्य कार्यकर्ता भेजेगा।

कास्त्रो ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि इबोला मानवता के लिए बहुत बड़ी चुनौती है और इस बीमारी के खिलाफ लड़ने के लिए हवाना, अमेरिका सहित सभी देशों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने को तैयार है। उन्होंने कहा, 'मैं सहमत हूं कि अगर पश्चिम अफ्रीका में इस खतरे को त्वरित अंतर्राष्ट्रीय प्रतिक्रिया से रोका नहीं गया, तो यह मानवता के इतिहास की सबसे गंभीर महामारियों में से एक बन जाएगी।' कास्त्रो द्वारा दिए गए आंकड़ों के अनुसार, दुनियाभर में क्यूबा के 76,000 से ज्यादा स्वास्थ्य पेशेवर काम कर रहे हैं, जिनमें से 45,952 कार्यकर्ता 25 लैटिन अमेरिकी, करेबियाई देशों में हैं। वर्तमान में 32 अफ्रीकी देशों में क्यूबा के 4,000 से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मी तैनात हैं।

स्रोत: IANS Hindi

चित्र स्रोत: Getty images


लेटेस्ट अप्डेट्स के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो कीजिए।स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए न्यूजलेटर पर साइन-अप कीजिए।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source