मोटापा चुराये आठ साल जिंदगी से

WrittenBy

Written By: Agencies | Published : December 8, 2014 4:56 PM IST

अधिक वजनी होने और मोटापे से ग्रसित होने से आपकी उम्र में आठ साल की कमी आ सकती है, यह बात एक चौंकाने वाले अध्ययन में सामने आई है। इसी अध्ययन में हालांकि यह भी कहा गया है कि अधिक वजनी होना उतना ही हानिकारक हो सकता है जितनी कि धूम्रपान करना। कनाडा में मैकगिल विश्वविद्यालय में मेडिसिन के प्रोफेसर और शोध के प्रमुख लेखक स्टीवन ग्रोवर ने कहा, 'जीवन की उम्मीद के संदर्भ में हमें लगता है कि अधिक वजनी होना उतना ही हानिकारक है जितना की धूम्रपान करना।'

शोध में बताया गया कि अधिक वजनी होने से व्यक्ति में समय से पहले मधुमेह और हृदय रोग से ग्रसित होने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। अतिरिक्त वजन आपके स्वस्थ जीवन के दो दशक कम कर सकता है। ग्रोवर ने कहा, 'हमारे दल ने एक ऐसा कम्प्यूटर मॉडल विकसित किया है जो चिकित्सकों और अभिभावकों को यह समझने में मदद करेगा कि कैसे अधिक वजनी होने से जिंदगी कम हो जाती है और समय से पहले वह हृदय रोग और मधुमेह से ग्रसित हो जाता है।'

शोधकर्ताओं ने इस अध्ययन के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य और पोषण परीक्षा सर्वेक्षण (साल 2003 से लेकर 2010) के लगभग 4000 लोगों के आंकड़ों का प्रयोग किया। उनके शोध में पता चला है कि जो लोग अधिक मोटे हैं, उनकी उम्र के आठ साल कम हो सकते हैं। जो लोग मोटापे से ग्रसित हैं उनकी उम्र के छह साल और जो लोग अधिक वजनी हैं उनकी उम्र के तीन साल कम हो सकते हैं।

यह अध्ययन 'द लांसेट डायबिटीज एंड इंडोक्राइनोलॉजी' पत्रिका में प्रकाशित हुआ है।

स्रोत: IANS Hindi

चित्र स्रोत: Getty images


लेटेस्ट अप्डेट्स के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो कीजिए।स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए न्यूजलेटर पर साइन-अप कीजिए।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source