hamburger icon
A
Read in English

ओबामा ने इबोला के खिलाफ किए गए नए उपायों की आलोचना की

WrittenBy

Written By: Agencies | Published : October 28, 2014 3:12 PM IST

अमेरिका के तीन राज्यों में इबोला के खिलाफ अपनाए गए उपायों की राष्ट्रपति बराक ओबामा ने आलोचना की है। न्यूयार्क और न्यूजर्सी ने शुक्रवार को घोषणा की कि वे पश्चिम अफ्रीका में इबोला पीड़ित मरीजों के संपर्क में आए लोगों को हवाईअड्डों से होकर गुजरने पर चिकित्सा निगरानी में लेंगे। इलिनॉइस ने भी इसी तरह के उपाय अपनाने की घोषणा की। ओबामा प्रशासन ने रविवार को एक बयान में कहा है कि इस तरह के उपायों को लागू करने से चिकित्साकर्मी पश्चिम अफ्रीका में इबोला के खिलाफ लड़ाई में स्वैच्छिक सेवा देने से अपने को रोक सकते हैं। नए नियम से प्रथम प्रभावित हुई केसी हिकॉक्स ने सीएनएन न्यूज चैनल से कहा कि उन्हें अनावश्यक रूप से चिकित्सा निगरानी में लेना मानवाधिकारों का उल्लंघन है और अस्वीकार्य है।

हिकॉक्स एक नर्स हैं और वह सियरा लियोन में डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स के साथ अपनी सेवा देने के बाद अमेरिका लौटी हैं। उनमें इबोला विषाणु नहीं पाए जाने के बावजूद उन्हें चिकित्सा निगरानी में ले लिया गया था। न्यूजर्सी के गवर्नर क्रिस क्रिस्टी और न्यूयार्क के गवर्नर एंड्र कुओमो की इस कदम के लिए व्यापक आलोचना हुई। संघीय अधिकारियों ने भी उनकी आलोचना की है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अलर्जी एंड इनफेक्शियस डिजीजेज के निदेशक, एंथनी फॉसी ने कहा, "हमारी हिफाजत करने का सर्वोत्तम तरीका यह है कि अफ्रीका में इस बीमारी को रोका जाए, और इसके लिए हमें उन स्वास्थ्यकर्मियों की जरूरत है, लिहाजा हम उन्हें ऐसी स्थिति में नहीं डालना चाहते जो उन्हें स्वैच्छिक रूप से वहां जाने में अत्यंत असहजता महसूस कराए।"

एंथनी ने पश्चिम अफ्रीका में इबोला से निपटने में ओबामा प्रशासन के रुख का समर्थन किया, जिसके तहत वहां लोगों को इस बीमारी से निपटने में मदद की जा रही है। डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स ने एक बयान में राज्यों के नए उपायों में स्पष्टता न होने की आलोचना की है और अफ्रीका से लौट रहे चिकित्साकर्मियों को उचित इलाज सुनिश्चित कराने और उनके अधिकारों की रक्षा करने पर जोर दिया है। इस बीच, न्यूयार्क में इबोला संक्रमण के पहले मामले के रूप में सामने आए क्रेइग स्पेंसर की हालत गंभीर, लेकिन स्थिर बताई गई है। चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, स्पेंसर बीमारी के दूसरे चरण में हैं और एक इबोला से स्वस्थ हुए व्यक्ति के रक्त से उनका इलाज किया जा रहा है।

स्रोत: IANS Hindi

चित्र स्रोत: Getty images


लेटेस्ट अप्डेट्स के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो कीजिए।स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए न्यूजलेटर पर साइन-अप कीजिए।