मध्य प्रदेश सरकार: स्वास्थ्य सेवा गारंटी योजना

WrittenBy

Written By: Agencies | Published : October 30, 2014 2:19 PM IST

मध्य प्रदेश की सरकार ने अपने प्रदेश के निवासियों को स्वास्थ्य सेवाएं पाने की भी गारंटी दे दी है। बुधवार को शुरू हुई स्वास्थ्य सेवा गारंटी योजना के तहत आमजन को सरकारी अस्पतालों से 18 प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की गारंटी रहेगी। इस योजना का शुभारंभ करते हुए बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 18 प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं की गारंटी देना पीड़ित मानवता की सबसे बड़ी सेवा होगी। स्वास्थ्य विभाग के अमले पर यह जवाबदारी है, इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं हो।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य सेवाओं की गारंटी देने का संकल्प लेकर सेवा का नया इतिहास रचा है। इसकी अनुगूंज पूरे देश में होगी। सबसे बड़ा सुख निरोगी काया है। रोगों की रोकथाम के निरंतर प्रयास हो रहे हैं। इस दिशा में पेंटावलेंट वेक्सीन सुखद पहल है। तीन टीके कई बीमारियों से बचाव करेंगे। आम नागरिक को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सेवा मिलें इसके निरंतर प्रयास हो रहे हैं।उन्होंने आगे कहा कि नि:शुल्क भोजन, दवा, जांच, आकस्मिक चिकित्सा और परिवहन की सेवाएं दी जा रही हैं। इन प्रयासों के साथ ही चिकित्सक के व्यवहार का भी बहुत महत्व है। आवश्यकता संवेदनशील व्यवहार और धैर्य की है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं जो सबसे पीछे और दूर हैं उन तक प्रभावी ढंग से पहुंचे यह जरूरी है। इसके लिए मुख्यालय से ग्रामीण स्तर तक की इकाइयों को समर्पण के साथ कार्य करना होगा तभी विकेन्द्रीत स्वास्थ्य सेवाओं का संकल्प पूरा होगा। पढ़े:  मप्र: जनता के लिए ‘स्वास्थ्य सेवा गारंटी’ योजना का शुभारंभ

परिवार-कल्याण एवं स्वास्थ्य मंत्री ड़ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि प्रदेश को स्वास्थ्य सेवाओं में देश को अव्वल राज्य बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग संकल्पित है। नागरिकों को 18 स्वास्थ्य सेवाएं देने का पक्का वादा है। राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं की प्रधानमंत्री ने भी सराहना की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के चिकित्सालयों में प्रतिदिन 25 हजार रोगी को नि:शुल्क नाश्ता, भोजन मिल रहा है। पचास हजार से अधिक लोगों की 75 तरह की जांच नि:शुल्क हो रही हैं। साढ़े चार लाख से अधिक रोगियों को नि:शुल्क औषधि का वितरण किया जा रहा है।

स्रोत: IANS Hindi

चित्र स्रोत: Getty images


लेटेस्ट अप्डेट्स के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो कीजिए।स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए न्यूजलेटर पर साइन-अप कीजिए।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source