हर्षवर्धन:दिल्ली में प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने का अभियान

WrittenBy

Written By: Agencies | Published : October 17, 2014 4:41 PM IST

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने गुरुवार को दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग को ई-मेल के माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण मुक्त दिवाली सुनिश्चित करने का आग्रह किया। हर्षवर्धन ने जंग को भेजे गए मेल में 2005 में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी उस आदेश का हवाला दिया, जिसमें न्यायालय ने रिहायशी और आवासीय क्षेत्रों में पटाखे जलाने पर प्रतिबंध लगाया था। हर्षवर्धन ने मेल में लिखा, 'सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को दिल्ली में लागू ही नहीं किया गया है। कुछ एक राज्य सरकारें इस आदेश को लागू करने में काफी हद तक सफल भी रही हैं। मुझे आशा है कि आपके निर्देशों से दिल्ली में इस बार से दिवाली नए तरीके से मनेगी।'

मंत्री ने घोषणा की थी कि देश को ध्वनि प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में वह विशेषज्ञों के एक समूह के साथ विचार विमर्श के प्रक्रिया शुरू कर चुके हैं। उन्होंने कहा, 'दिल्ली में बीते सालों में सर्वोच्च न्यायालय के आदेश की अवमानना को लेकर प्रशासन कई तरह के बहाने बना रहा है और पुलिस बल की कमी से लेकर संस्कृति तक का हवाला दे रहा है। इन्हें स्वीकार नहीं किया जाएगा।' उन्होंने उप राज्यपाल से यह भी आग्रह किया कि स्कूलों और कॉलेजों के प्रधानाचार्यो को निर्देश दें कि विद्यार्थियों को ध्वनि प्रदूषण के कुप्रभावों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में एक अभियान शुरू किया गया है, ताकि लोग अपने पैसे ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों में खर्च न करें।

स्रोत: IANS Hindi

चित्र स्रोत: Getty images


लेटेस्ट अप्डेट्स के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो कीजिए।स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए न्यूजलेटर पर साइन-अप कीजिए।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source