दिवाली की मिठास बढ़ाता है वज़न

WrittenBy

Written By: Agencies | Published : October 21, 2014 5:00 PM IST

अगर दिवाली की रात हाथ आने वाली मिठाइयों की मिठास की कल्पना कर आपके मुंह में पानी आने लगा है तो थोड़ा सब्र कीजिए और अपने स्वास्थ्य के बारे में भी सोचिए। सोचिए कि कहीं इस मीठे 'उत्साह' में कोई खतरा तो नहीं छुपा है! सावधानी बरतेंगे तो मिठास के साथ तंदुरुस्ती भी बनी रहेगी। फोर्टिस अस्पताल के मेटाबॉलिक (चयापचय) एवं बैरिएट्रिक (मोटापा कम करने) की सर्जरी विभाग के निदेशक डॉ. अतुल पीटर्स बताते हैं कि बेशक मिठाइयां खाना और खिलाना हमारे त्योहारों को मनाने का सबसे अच्छा तरीका है, लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि ये मिठाइयां एवं पकवान अपने साथ खुशियां लाने के साथ-साथ टनों कैलोरी भी लाती हैं। कहने की जरूरत नहीं कि ये कैलोरी स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक भी हो सकते हैं।

डॉ. अतुल ने कहा कि अगर आप शरीर का वजन घटाने की रणनीति बना रहे हैं तो आपको और सचेत हो जाने की जरूरत है। दिवाली के कुछ दिनों का मीठा उत्साह आपके अब तक के सारे किए कराए पर पानी फेर सकता है। अगर आप खुद मिठाइयां बनाने की योजना बना रहे हैं तो कम वसा वाले दूध एवं अन्य सामग्री प्रयोग में लाएं। उन्होंने कहा कि रिफाइंड चीनी एवं मीठे स्वाद लाने वाले पदार्थ की जगह मधु जैसे प्राकृतिक मिठास का सहारा लें। अत्यधिक तेल-घी के प्रयोग से तौबा करें।

दिवाली को खुशगवार बनाने के और भी कई तरीके हैं मिठाइयों के सिवा। यही वजह है कि सौगात के लिए आज ड्राइ फ्रूट्स सबसे पहली पसंद बनती जा रही है लेकिन इस मामले में भी सावधानी बरतने की जरूरत है। उनका अत्याधिक सेवन भी खतरनाक है। नर्चर फर्टिलिटी सेंटर की स्त्रीरोग एवं आईवीएफ (टेस्ट ट्यूब बेबी) विशेषज्ञ डा. अर्चना धवन बजाज बताती हैं कि चर्बी बढ़ाने वाले भोजन एवं मिठाइयां पेट में पल रहे बच्चों एवं उन माओं के लिए भी खतरनाक हैं जो गर्भ के दौरान मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप से पीड़ित हैं। दीवाली में इन चीजों का अतिशय सेवन समस्या बढ़ा सकता है। डॉ. अर्चना की सलाह है कि गर्भवती महिलाओं को त्योहारों में अत्याधिक मिठाइयां एवं चर्बी बढ़ाने वाले पदार्थो से परहेज करना चाहिए। पेट में पल रहे बच्चे के लिए मेवा (ड्राईफ्रूट) अच्छा है, लेकिन वह भी एक हद में ही खाएं। घर में पके पकवान सबसे बेहतर होते हैं।

स्रोत: IANS Hindi

चित्र स्रोत: Getty images


लेटेस्ट अप्डेट्स के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो कीजिए।स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए न्यूजलेटर पर साइन-अप कीजिए।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source