... Read More
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts. Cookie Policy.
Written By: Agencies | Published : October 16, 2014 11:29 AM IST
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने घोषणा की है कि छत्तीसगढ़ में अब डायबिटीज से पीड़ित चौदह साल तक के बच्चों का मुफ्त इलाज किया जाएगा। उन्होंने बुधवार को राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री बाल हृदय सुरक्षा योजना और मुख्यमंत्री बाल श्रवण योजना पर आधारित वेबपोर्टलों नवजीवन एवं सचेत का शुभारंभ करते हुए यह ऐलान किया। डॉ. सिंह ने शहीद स्मारक भवन में आयोजित कार्यक्रम में इन दोनों योजनाओं से संबंधित सफलता की कहानियों की जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तिका संवेदनाओं की तितलियां का विमोचन भी किया। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बाल हृदय सुरक्षा योजना मेरे सार्वजनिक जीवन की सबसे महत्वपूर्ण एवं संतुष्टिदायक योजना है। वर्ष 2008 में इसका शुभारंभ हुआ था। यह सबके मिले जुले प्रयासों का नतीजा है कि अब तक लगभग चार हजार बच्चों को आपरेशनों के जरिये नया जीवन मिला है।
डॉ. सिंह ने कहा कि जब तक छत्तीसगढ़ स्वस्थ नहीं होगा तब तक समृद्ध नहीं होगा। हम नक्सलवाद और आतंकवाद से तो लड़ लेंगे, विकास के कार्य भी होते रहेंगे लेकिन यदि पीढ़ियों के निर्माण में चूक हो जाती तो जीवन भर मां-बाप और बच्चे चिंतित रहते। डॉ. सिंह ने कहा कि पीढ़ियों का निर्माण शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी बच्चों की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि दिसंबर 2014 से छत्तीसगढ़ सहित देश के आठ राज्यों में बच्चों की पांच अलग-अलग बीमारियों के लिये एक ही वैक्सीन लगाई जाएगी। राज्य के सभी वर्ग के बच्चों को पेंटावेलेंट वैक्सीन का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे भारत का कोई भी बच्चा हृदय और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित न रहे इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार से सभी राज्यों में छत्तीसगढ़ की ही तरह बाल हृदय एवं बाल श्रवण योजना लागू करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि मानवीय संवेदनाओं पर आधारित इस प्रकार की योजना दिल से ही बनाई जाती है। पढ़े: छत्तीसगढ़ में 97 बच्चों को बाल श्रवण योजना से मिला फ़ायदा
स्रोत: IANS Hindi
चित्र स्रोत: Getty images
लेटेस्ट अप्डेट्स के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो कीजिए।स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए न्यूजलेटर पर साइन-अप कीजिए।