'हर घर दस्तक' अभियान के तहत घर-घर लगाई जाएगी कोरोना वैक्सीन, स्वास्थ्य मंत्री करेंगे अहम बैठक

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया राज्यों में COVID-19 वैक्सीनेशन की स्थिति और हाल ही में शुरू किए गए डोर टू डोर वैक्सीन अभियान "हर घर दस्तक" को तेज करने पर चर्चा के लिए बैठक होगी।

WrittenBy

Written By: Jitendra Gupta | Published : November 11, 2021 11:29 AM IST

केंद्र सरकार के कोरोना वैक्सीनेशन अभियान को और व्यापक बनाने के लिए गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ एक बैठक करेंगे। इस बैठक में सभी राज्यों के कोरोना के हालात, राज्यों में COVID-19 वैक्सीनेशन की स्थिति और हाल ही में शुरू किए गए डोर टू डोर वैक्सीन अभियान "हर घर दस्तक" को तेज करने पर चर्चा के लिए बैठक होगी।

कब होगी बैठक

बता दें कि ये बैठक 11 नवंबर की सुबह आयोजित की जाएगी, जिसमें उन सभी वयस्कों को वैक्सीनेशन के दायरे में लाने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी जिन्हें वैक्सीन की पहली डोज नहीं मिली है या फिर जिनकी दूसरी डोज की तारीख निकल चुकी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3 नवंबर को उन 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 45 से अधिक जिलों के जिलाधिकारियों और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक की थी, जहां पहली डोज कवरेज 50 प्रतिशत से कम थी और कहा था कि वैक्सीनेशन अभियान को 'हर घर दस्तक' की जरूरत है। ये अभियान वैक्सीनेशन के महत्वकांक्षी लक्ष्य प्राप्त करने के लिए शुरू किया जाना है।

पीएम मोदी ने किया था आग्रह

पीएम मोदी ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों से "हर घर टीका, घर घर टीका" जोश के साथ हर घर में पहुंचने का आग्रह किया था। उन्होंने उन्हें "हर घर दस्तक" की भावना से काम करने या पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए हर दरवाजे पर दस्तक देने के लिए भी कहा।

कितने को मिली पहली डोज

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत की 79.2 प्रतिशत वयस्क आबादी को COVID-19 वैक्सीन की कम से कम एक डोज लग चुकी है जबकि इनमें से 37 प्रतिशत से अधिक को दोनों खुराक दी जा चुकी हैं।

शीर्ष पांच राज्य जहां लगी सबसे ज्यादा डोज

1-उत्तर प्रदेश

2-महाराष्ट्र

3-पश्चिम बंगाल

4-गुजरात

5-मध्य प्रदेश

स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि अभी भी सरकार के पास 16.13 करोड़ से अधिक शेष COVID वैक्सीन डोज हैं, जिन्हें लगाया जाना बाकी है।