
... Read More
Written By: Atul Modi | Updated : November 2, 2021 4:45 PM IST
Covid vaccination in India
कोरोना महामारी को भारत से पूरी तरह से खत्म करने के लिए वैक्सीनेशन अभियान तेज गति से जारी है। अब तक पूरे देश में 107 करोड़ कोविड-19 की खुराक दी जा चुकी है। वैक्सीनेशन को और ज्यादा गति देने के लिए आज धन्वंतरि जयंती के दिन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने 'हर घर दस्तक' अभियान की शुरुआत की है, जिसके तहत अब चिन्हित जिलों में स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों को कोविड-19 के खिलाफ वैक्सीन की डोज देंगे।
बता दें कि, केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री, डॉ मनसुख मंडाविया ने पिछले सप्ताह विभिन्न राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ राष्ट्रीय समीक्षा बैठक के दौरान कहा था कि देश में पर्याप्त वैक्सीन खुराक उपलब्ध हैं, और राज्यों के पास 12 करोड़ से ज्यादा अप्रयुक्त डोज उपलब्ध हैं। मंत्री ने कहा था, कोई भी जिला पूर्ण टीकाकरण के बिना नहीं होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने नवंबर 2021 के अंत तक COVID-19 वैक्सीन की पहली खुराक के साथ सभी पात्र लोगों को कवर करने का लक्ष्य रखा था।
'हर घर दस्तक' अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर दूसरी खुराक के लिए पात्र लोगों और पहली खुराक न लेने वाले लोगों का टीकाकरण करेंगे। मंत्री ने टीकाकरण की दूसरी खुराक प्राप्त करने के योग्य लोगों से इसे जल्द से जल्द लगवाने का भी आग्रह किया था। उन्होंने साझा किया था कि देश में 10.34 करोड़ लोगों ने निर्धारित अंतराल के बाद दूसरी खुराक नहीं ली है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देशभर में 48 जिले ऐसे हैं जहां पर कोरोना टीकाकरण की दर बहुत ही कम है। इन जिलों में 50 फ़ीसदी से भी कम लोगों ने कोरोना की पहली खुराक ली है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने विभिन्न राज्यों केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक में कहा कि 'ऐसा कोई भी जिला ना बचे जहां पूर्ण कोरोनावायरस टीकाकरण ना हुआ हो।'