
Also Read
Avian bird flu in Vietnam: वियतनाम में एच5एन1 (H5N1) बर्ड फ्लू वायरस पाए जाने की पुष्टि की गयी है। मिली जानकारी के अनुसार, यहां 2 मरे हुए बाघों से लिए गए सैम्पल्स में एच5एन1 बर्ड फ्लू वायरस की पुष्टि हुई है। वियतनाम के डोंग नाय प्रांत (Dong Nai province) के मैंगो गार्डन इको-रिसॉर्ट (Mango Garden Resort) में इस साल सितंबर और अक्टूबर महीनों में अब तक 20 बाघों और एक तेंदुए की मृत्यु हो चुकी है और इन जानवरों में बर्ड फ्लू (H5N1 strain of bird flu) की आशंका भी जतायी जा रही है।
स्थानीय समाचार एजेंसी शिन्हुआ और वियतनाम समाचार एजेंसी की रिपोर्ट्स के अनुसार, स्थानीय कंपनी ने जानवरों को खाने के लिए चिकन परोसा था, जिसे खाने के बाद ये सभी जानवर बीमार पड़ गए थे।
डोंग नाय सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल में संक्रामक रोगों की रोकथाम और नियंत्रण विभाग के प्रमुख फान वान फुक ने बताया कि, ऐसी आशंका है कि मर चुके बाघों में चिकन खाने के बाद एच5एन1 वायरससे संक्रमण फैल गया हो।
वहीं, इस बीच जांच कर रहे अधिकारी इस बात का पता लगाने में जुट गए हैं यह चिकन कहां से आया था और जिन मुर्गियों से यह चिकन मिला था उनमें बर्थ फ्लू हुआ था या नहीं।
वीएन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार, चिड़ियाघर प्रशासन ने संक्रमण को आगे फैलने से रोकने के लिए बाघों के एनक्लोजर को अन्य जानवरों से अलग-थलग कर दिया है। इसी तरह सभी एनक्लोजर्स को संक्रमण मुक्त करने के उपाय शुरू कर दिए हैं।
वहीं, रिसॉर्ट को निर्देश दिए गए हैं कि वहां संक्रमण को रोकने के लिहाज से फिलहाल मेहमानों और विजिटर्स को आने से रोका जाए। इस बीच संक्रमित जानवरों के संपर्क में आने वाले कुल 30 लोगों के स्वास्थ्य पर नजर रखने के निर्देश भी दे दिए गए हैं।
बता दें कि, वियतनाम के कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय ने कुछ दिनों पहले ही कई जगहों पर पोल्ट्री में एवियन फ्लू (avian influenza A/ H5N1 virus) के कुछ मामले मिलने की जानकारी भी दी थी।