डॉक्टर की नहीं अब जरूरत? स्मार्टफोन बताएगा दिल और आंखों की बीमारी और Diabetes में करेगा मदद, जानें Google के इस खास फीचर के बारे में

Google New Health Feature: गूगल एक नए फीचर पर काम कर रहा है, जिसकी मदद से आप अपने स्मार्ट फोन के जरिए ही अपने हृदय और आंखों की जांच कर सकते हैं। चलिए जानते हैं गूगल के इस नए फीचर के बारे में

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : March 28, 2022 1:44 PM IST

आजकल हमारे जीवन का अधिकतर हिस्सा टेक्नोलॉजी पर निर्भर हो चुका है। हेल्थ सेक्टर में भी साइंस ने इतना विस्तार कर लिया है कि कई जटिल बीमारियों का इलाज भी आजकल रोबोटिक मशीनों द्वारा किया जाता है। इतना ही नहीं हमारे रोजाना के स्वास्थ्य जीवन में भी साइंस को काफी अपग्रेड किया जा चुका है और लोग अनेक प्रकार के स्मार्टफोन, स्मार्ट वॉच व अन्य गैजेट्स का इस्तेमाल करने लगे हैं, जिनकी मदद से आपकी फिटनेस (Fitness), कैलोरी बर्निंग स्टेटस और यहां तक की आपके शरीर में ऑक्सीजन लेवल (Oxygen Level) और हार्ट रेट (Heart Level) का भी पता लगाया जा सकता है। हाल ही में गूगल ने भी बताया कि वह हेल्थ के लिए एक खास फीचर पर काम कर रहा है, जिसकी मदद से व्यक्ति घर बैठे स्मार्ट फोन से ही अपने हार्ट और आंखों की हेल्थ का पता लगा सकेंगे। इसपर अनुमान लगाया जा रहा है कि अगर गूगल का यह फीचर सही तरीके से काम करता है, तो हार्ट और आंख के स्वास्थ्य की जांच करने के लिए आपको अस्पताल जाने की आवश्यकता कम पड़ेगी। चलिए जानते हैं गूगल द्वारा बनाए जा रहे इस खास फीचर के बारे में और इससे लोगों को क्या लाभ मिल सकते हैं।

हार्ट मर्मर का लगा सकता है पता

गूगल ने बताया कि वह एक खास प्रकार के फीचर पर काम कर रहा है, जिसकी मदद से स्मार्ट फोन के माध्यम से ही हार्ट मर्मर (Heart Murmurs) का पता लगाया जा सकता है। बता दें कि हार्ट मर्मर दिल से निकलने वाली एक असाधारण आवाज होती है, जो आमतौर पर तब निकलती है जब रक्त को पंप करने में सामान्य से ज्यादा जोर लग रहा हो। उदाहरण के रूप में कोई एक्सरसाइज करने के बाद, बीमारी के दौरान या फिर हार्ट वाल्व में किसी प्रकार की असामान्यता के कारण ऐसा हो सकता है।

आंखों की बीमारियों की जांच

गूगल के इस नए फीचर में आंखों से संबंधित रोगों का पता लगाने पर भी काम किया जा रहा है। गूगल के अनुसार इस फीचर के माध्यम से फोन के द्वारा आंख की फोटो खींचकर आंख के कई रोगों का पता लगाया जा सकता है। अनुमान के अनुसार यह फीचर आंख की संरचना की जांच करेगा और उसमें मिलने वाली असामान्यताओं के अनुसार रोगों का पता लगाएगा।

डायबिटिक रेटिनोपैथी की जांच

गूगल के इस फीचर में आंखों की जांच करने का मुख्य उद्देश्य डायबिटिक रेटिनोपैथी हो सकता है, जिसके लक्षणों की जांच इस फीचर से की जा सकती है। दरअसल, डायबिटीज के दौरान रेटिना की रक्त वाहिकाएं नष्ट होने लगती हैं, जिससे नजर से संबंधी समस्याएं होने लगती हैं। हालांकि, गूगल का यह फीचर सिर्फ डायबिटीज के रोगियों के लिए ही नहीं नोन-डायबिटिक लोगों की आंखों की जांच करने में भी मदद कर सकता है।

अभी टेस्टिंग जारी है

हालांकि, गूगल से मिली जानकारी के अनुसार अभी इस फीचर पर रिसर्च किए जा रहे हैं और इसमें सुधार करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। गूगल ने कहा कि अभी हम इस फीचर की टेस्टिंग के शुरुआती चरण में हैं, लेकिन हमें उम्मीद है कि इस फीचर से लोगों के हेल्थ चेकअप में काफी मदद मिल सकती है।