Global Handwashing Day 2021: हाथ नहीं धोने पर बढ़ जाती है इन बीमारियों के होने का खतरा
हाथों में छिपे कीटाणु कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं। जानें, जब आप हाथों को नहीं साफ करते हैं, तो कौन सी बीमारियों के होने का खतरा बढ़ जाता है।
अक्सर कुछ लोगों की आदत होती है बिना हाथ धोए खाने की, क्या आपको भी ऐसी ही आदत है? यदि हां, तो जितनी जल्दी हो सके, इस आदत को सुधार लीजिए। बिना हाथ धोए कुछ भी खाने से ना सिर्फ आपको पेट संबंधित समस्याएं हो सकती हैं, बल्कि आंखों में भी इंफेक्शन हो सकता है। लोगों को लगता है कि सिर्फ पानी से हाथ धो लेना ही काफी है। यह सच नहीं है। हाथ साफ करने का भी सही तरीका होता है। छोटे हों या बड़े सभी को कम से कम 20 सेकेंड तक हाथ साफ करना चाहिए। हाथों में छिपे कीटाणु कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं। इन्हीं बीमारियों से बचाव और लोगों में जागरूकता लाने के लिए प्रत्येक वर्ष 15 अक्टूबर को ''ग्लोबल हैंडवॉशिंग डे'' (Global Handwashing Day 2021) सेलिब्रेट किया जाता है। जानें, जब आप, आपका बच्चा और घर के अन्य सदस्य हाथों को नहीं साफ करते हैं, तो कौन सी बीमारियों के होने का खतरा बढ़ जाता है।
हाथ नहीं धोने पर गले में हो सकता है संक्रमण (Throat infection)
जब आप हाथ नहीं साफ करते और उसी गंदे हाथों से कुछ भी खाते हैं या मुंह में ले जाते हैं, तो गले और मुंह में कीटाणु प्रवेश कर सकते हैं। इससे गले में संक्रमण होने की संभावना बढ़ जाती है। दिन भर में आप जितनी बार अपनी उंगलियों को मुंह में ले जाते हैं, शरीर के अंदर सबसे ज्यादा कीटाणु जाते हैं। गले में इंफेक्शन होने पर कफ और खराश की समस्या हो जाती है।
हाथ नहीं धोने पर फूड प्वॉइजनिंग का खतरा (Food Poisoning)
जब भी आप बिना हाथ अच्छी तरह से साफ किए कोई भी खाद्य पदार्थ, मांस-मछली को छूते हैं, तो हाथों के कीटाणु उनमें चिपक जाते हैं। उदाहरण के तौर पर, जब आप चिकन को गंदे हाथों से छूते हैं, तो उसमें साल्मोनेला पॉइजनिंग हो सकती है। ऐसे में चिकन संक्रमित हो जाता है और इसके सेवन से आपको फूड प्वॉइजनिंग हो सकती है। बिना हाथ धोए कोई भी पका हुआ भोजन ना छुएं और ना ही खाएं वरना आपको पेट दर्द, दस्त, मतली और उल्टी की शिकायत हो सकती है।
हाथ नहीं धोने पर डायरिया या दस्त का खतरा (Diarrhea)
गंदे हाथों से कुछ भी खाने से आपको दस्त यानी डायरिया भी हो सकता है। खासकर, बच्चों को गंदे हाथों से खाने-पीने से बचाएं। एक अध्ययन के अनुसार, भारत में डायरिया जैसी संक्रामक रोगों से होने वाली मौत सबसे अधिक है। डायरिया दूसरा सबसे बड़ा कारण है, जिससे लोगों की मृत्यु हो जाती है। बड़े, वयस्क सभी को हाथ धोने पर विशेष जोर देना होगा, ताकि बच्चे भी हैंड हाइजीन और हैंड वॉशिंग हैबिट्स को विकसित कर सकें।
हाथ नहीं धोने पर हो सकता है आंखों में इंफेक्शन (Eye infection)
बिना हाथों को साफ किए जब आप अपनी आंखों को छूते हैं, तो सारे कीटाणु आंखों में प्रवेश कर सकते हैं। नाक और त्वचा को छूने से भी कीटाणु नाक और स्किन पोर्स के जरिए शरीर में प्रवेश कर जाते हैं। आंखों से संबंधित समस्या जैसे कंजंक्टिवाइटिस हो सकती है। ऐसे में जरूरी है कि आप हर 2-3 घंटे के गैप में अपना हाथ जरूर धो लें।
हाथ नहीं धोने पर निमोनिया हो सकता है (Pneumonia)
निमोनिया भी एक संक्रामक रोग है। इसके कारण भी भारत में मरने वालों की संख्या काफी अधिक है। सही तरीके से हाथ न धोने के कारण पेट में जाने वाली गंदगी और कीटाणु निमोनिया का कारण बन सकते हैं। इससे बचाव के लिए सही तरीके से खाने से पहले और शौच के बाद हाथ धोना जरूरी है।