... Read More
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts. Cookie Policy.
Written By: Editorial Team | Published : July 2, 2018 2:28 PM IST
बार-बार घर पर हेल्दी खाना बनाना संभव नहीं। कई बार मन यह भी करता है कि काश! कहीं से स्वास्थ्यवर्धक खाना घर बैठे ही आ जाता। जी हां, अब आपकी यह समस्या हल हो गई है। अब आप घर बैठे ही हेल्दी खाना अपने लिए चुन सकते हैं। एक ऐसा मोबाइल ऐप आ गया है, जो आपको स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थ चुनने में आपकी मदद करेगा। इस ऐप का नाम है फूडस्विच। इसे ऑस्ट्रेलिया के जॉर्ज इंस्टीट्यूट फॉर ग्लोबल हेल्थ और अमेरिका के नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं द्वारा विकसित किया गया है।
फूडस्विच ऐप भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका और हांगकांग समेत कई देशों में लॉन्च हो चुका है। अपने मोबाइल स्क्रीन पर बस आपको करना है एक टैप। इस टैप के साथ ही उपयोगकर्ता पैक्ड किए गए भोजन के बारकोड को स्कैन करने के साथ ही उस खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता की रेटिंग भी कर सकेंगे। साथ ही अन्य स्वास्थ्यवर्धक भोज्य पदार्थों की पहचान भी कर सकते हैं। यह एप हेल्थ स्टार रेटिंग उपलब्ध कराता है जो प्रत्येक भोजन को 0.5 स्टार (अस्वास्थ्यकर) से 5 स्टार (स्वस्थ) के बीच स्कोर करता है।
यह गणना एक कंप्यूटर एल्गोरिदम पर आधारित है, जो स्वास्थ्य पर विभिन्न पोषक तत्वों के पड़ने वाले प्रभाव के बारे में बताता है। शोधकर्ताओं का दावा है कि यह ऐप भोजन में वसा, संतृप्त वसा, चीनी और नमक की जानकारी देने के साथ ही एक वयस्क व्यक्ति के इनके दैनिक सेवन का प्रतिशत भी बताता है।
ऐप में आपको ट्रैफिक सिग्नल की तरह लाल, पीले और हरे रंग की रोशनी मिलेगी। जब किसी खाने की चीज में कम स्टार या फिर सिर्फ लाल रोशनी ही दिखती है तो इसका मतलब यह हुआ कि इसमें वसा, चीनी और नमक की भारी मात्रा मौजूद है। जब कोई उपयोगकर्ता बारकोड स्कैन करता है और डाटाबेस में वह भोज्यपदार्थ उपलब्ध नहीं है तो एप उपयोगकर्ता को पैकेजिंग, इसके पोषण तथ्यों और घटक सूची की तस्वीर उपलब्ध करने के लिए संकेत देता है ताकि ऐप की टीम इसे डाटाबेस में जोड़ सके।
अमेरिका के नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी के एसोसिएट प्रोफेसर मार्क हफमैन का कहना है कि इस प्रकार की क्राउडसोर्सिंग (विभिन्न स्रोतों से प्राप्त जानकारी) ऐप की सफलता के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि निर्माता अक्सर उत्पादों को अपडेट करते रहते हैं जिसे इस एप के द्वारा ट्रेस किया जा सकता है। ऐप के भीतर एक सॉल्टस्विच फिल्टर उपयोगकर्ताओं को कम नमक वाले खाद्य पदार्थों के लिए मार्गदर्शन कर सकता है। वहीं, उपयोगकर्ताओं को ऐप के 268,000 उत्पाद डाटाबेस को अपडेट करने के लिए नए और बदलते खाद्य पदार्थों पर जानकारी को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।
चित्रस्रोत: Shutterstock.