मुंबई में दूषित भोजन से 58 महिला कैदी बीमार, अस्पताल में भर्ती

मुंबई की भायखला जेल में दूषित भोजन से बीमार हुईं महिला कैदी।

WrittenBy

Written By: Editorial Team | Published : July 20, 2018 5:44 PM IST

मुंबई की भायखला जेल की 58 महिला कैदियों के अचानक बीमार पड़ने से शुक्रवार सुबह उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि दूषित भोजन खाने से महिला कैदियों के बीमार पड़ने की आशंका जताई जा रही है। अधिकांश महिलाओं ने पेट में तीव्र दर्द, उल्टी और पानी की कमी की शिकायत की। उन्हें सरकार द्वारा संचालित जे. जे. हॉस्पिटल ले जाया गया।

उनका इलाज कर रहे चिकित्सकों की टीम के प्रमुख डॉ. वकार शेख ने बताया, "उनकी हालत अब स्थिर है।"

महिला कारावास में करीब 210 महिला कैदी हैं। खराब भोजन के कारण महिला कैदियों के बीमार पड़ने की जांच की जा रही है।

पुलिस महानिरीक्षक (कारा) राजवर्धन सिन्हा ने बताया, "आज सुबह कई महिला कैदियों ने उल्टी और पानी की कमी की शिकायत की, और उसके बाद चिकित्सकों ने उनकी जांच की। बाद में उनको अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनको निगरानी में रखा गया है। पुरुष कैदियों और कारावास के कर्मियों में से किसी ने कोई शिकायत नहीं की है।"

सिन्हा ने बताया कि 58 महिला कैदियों व विचाराधीन कैदियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्रोत: IANS Hindi.

चित्रस्रोत: Shutterstock.

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source