उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर में भी भूकंप के झटके

राजधानी दिल्ली में डरकर घरों से बाहर निकले लोग!

WrittenBy

Written By: Agencies | Published : December 6, 2017 11:02 PM IST

दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में बुधवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र उत्तराखंड में था। भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.5 मापी गई।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के भूकंप विज्ञान केंद्र के एक अधिकारी ने बताया कि भूकंप का केंद्र उत्तराखंड में था और इसके झटके दिल्ली और एनसीआर में महसूस किए गए।

भूकंप का केंद्र 30 किलोमीटर गहरा था और इसके झटके सामान्य माने गए हैं। उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे में दूसरी बार भूकंप आया है। इससे पहले मंगलवार को राज्य में 3.3 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप के बाद दिल्ली में लोग काफी सहम गए और घरों से बाहर निकल आए।

भूकंप आने पर क्या करें

भूकंप आने के वक्त यदि आप घर से बाहर हैं, तो आपको नीचे बताई गई बातों का ध्यान रखना चाहिए।

  • ऊंची इमारतों, बिजली के खंभों आदि से दूर रहें।
  • जब तक झटके खत्म न हों, घर-ऑफिस से बाहर ही रहें।
  • चलती गाड़ी में होने पर जल्द गाड़ी रोक लें, और गाड़ी में ही बैठे रहें।
  • ऐसे पुलों या सड़कों पर जाने से बचें, जिन्हें भूकंप से नुकसान पहुंचा हो।

भूकंप आने के वक्त यदि आप घर में हैं, तो इन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

  • फर्श पर बैठ जाएं, मज़बूत टेबल या किसी फर्नीचर के नीचे पनाह लें।
  • टेबल न होने पर हाथ से चेहरे और सिर को ढक लें।
  • घर के किसी कोने में चले जाएं, और कांच, खिड़कियों, दरवाज़ों और दीवारों से दूर रहें।
  • बिस्तर पर हैं, तो लेटे रहें, तकिये से सिर ढक लें।
  • आसपास भारी फर्नीचर हो, तो उससे दूर रहें।
  • लिफ्ट का इस्तेमाल करने से बचें, लिफ्ट भूकंप के दौरान पेंडुलम की तरह हिलकर दीवार से टकरा सकती है, और बिजली जाने से रुक भी सकती है।

सौजन्य: IANS Hindi

चित्र स्रोत: Shutterstock

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source