दुर्गा पूजा मेला में फास्ट फूड खाकर 15 बीमार और 2 की मौत! डाक्टर ने बताया फूड प्वाइजनिंग, खाना खाने के आधे घंटे बाद ही दिख जाते हैं ये 6 लक्षण

Durga puja mela: दशहरे के मौके पर लगे मेले में मिठाई व फास्ट फूड आदि खाने पर 15 लोग बीमार पड़ गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इलाज के दौरान उनमें से दो (पिता-पुत्र) की मौत हो गई। डॉक्टर ने इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला बताया

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : October 6, 2022 9:46 AM IST

Bihar news: दशहरे के मौके पर दुर्गा पूजा मेले में फास्ट फूड और मिठाई खाने के बाद 15 लोग अचानक से बीमार पड़ गए और 2 की मौत हो गई। यह मामला बिहार के अरवल जिले का है, जहां लगे मेले में मिलने वाली मिठाई और ब्रेड आदि खाने के बाद यह घटना हुई। मिठाई खाते के बाद जो 15 लोग बीमार पड़े थे, उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया जिसमें 2 की मौत हो गई। मरने वाले पिता व पुत्र थे। इसमें बीमार होने वाले ज्यादातर बच्चे ही थे और यह घटना अरवल जिले के रोहाई गांव की बताई जा रही है। यह फूड खाकर बीमार पड़ने वाले ज्यादातर बच्चे करपी थाना क्षेत्र के केश्वर बिगहा, बाजीतपुर और बारा गांव के निवासी बताए गए हैं, जिनकी तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

रात के समय उल्टी व पेट दर्द

खबरों के अनुसार बच्चे मेले में ब्रेड और जलेबी खाने के बाद अपने घर चले गए और और रात के समय उन्हें अचानक से उल्टी व पेट दर्द की शिकायत होने लगी, जिस कारण से उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। सभी बच्चों का इलाज चल रहा है, लेकिन इटवा गांव निवासी बाबूलाल भीम और उनके पुत्र गौतम कुमार की इलाज के दौरान ही मौत हो गई।

फूड प्वाइजनिंग का मामला

खाना खाने के बाद अचानक से तबीयत खराब होने पर जब उन्हें अस्पताल लाया गया तो डॉक्टर ने इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला बताया। डॉक्टर का कहना है कि खराब मिठाई व अन्य फास्ट फूड खाने के बाद बच्चों को फूड प्वाइजनिंग हो गया था, जिस कारण से उनकी तबीयत अचानक से बिगड़ गई।

क्या है फूड प्वाइजनिंग

जब खराब खाना शरीर के अंदर जाकर एक तरह से जहरीले पदार्थ की तरह काम करता है और इससे तबीयत खराब हो जाती है, उसे फूड प्वाइजनिंग या भोजन विषाक्तता कहा जाता है। आमतौर पर बैक्टीरिया, वायरस या अन्य किसी रोगाणु से दूषित खाना, केमिकल या अन्य किसी जहरी पदार्थ से दूषित खाना या फिर बासी खाना खाने से ही अक्सर फूड प्वाइजनिंग की समस्या होती है।

आधे घंटे बाद ही दिखने लगते हैं लक्षण

फूड प्वाइजनिंग कई बार गंभीर समस्या पैदा कर देता है, जो पूरी तरह से निर्भर करता है कि खाया गया खाना कितना दूषित था। हालांकि, ज्यादातर मामलों में खराब खाना खाने के आधे घंटे बाद ही निम्न लक्षण दिखने लग जाते हैं -

  • पेट में दर्द होना
  • जी मिचलाना
  • उल्टी आना
  • पेट फूलना
  • छाती के ठीक नीचे पेट में दर्द
  • पेट में ऐंठन व मरोड़ होना

हालांकि, खराब खाना खाने के 1 घंटे बाद आपको निम्न लक्षण भी हो सकते हैं -

  • तेज बुखार
  • दस्त लगना
  • सिर दर्द
  • चक्कर आना
  • थकान
  • भूख न लगना

डॉक्टर को कब दिखाएं

अगर आपको पता है कि आपने गलती से कोई खराब खाना खा लिया है या फिर खाना खाने के बाद आपको उल्टी, दस्त, पेट दर्द, चक्कर आना या अन्य कोई स्वास्थ्य समस्या महसूस हो रही है, तो ऐसे में जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। अगर समय पर इलाज शुरू किया जाए तो फूड प्वाइजनिंग के ज्यादातर मामलों को नियंत्रित किया जा सकता है। जबकि कुछ मामलों में मरीज गंभीर रूप से बीमार पड़ जाता है और दुर्लभ स्थितियों में उसकी मृत्यु भी हो सकती है। यह दरअसल इस बात पर निर्भर करता है कि खाना कितना ज्यादा जहरीला बन चुका है और उसका सही इलाज शुरू करने में कितना समय लगता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source