
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Published : June 14, 2022 9:22 AM IST
हर साल 14 जून को विश्व रक्तदान दिवस (World Blood Donor Day) के रूप में मनाया जाता है। इस दिन का मुख्य मकसद लोगों को यह बताना होता है कि रक्तदान करने से न सिर्फ दूसरों को फायदेमंद है बल्कि रक्तदान करने वाले की सेहत पर भी इसका अच्छा प्रभाव पड़ता है। ब्लड डोनेट करना पूरी तरह से सुरक्षित माना जाता है और यहां तक कि कई बार डॉक्टर खुद किसी मरीज को रक्तदान करने की सलाह देते हैं। हालांकि, अभी तक भी बहुत सारे लोग यह समझते हैं कि रक्तदान करने से व्यक्ति के शरीर में खून की कमी हो जाती है और कमजोरी भी आ जाती है। हालांकि, अगर ब्लड डोनेट करते समय कुछ विशेष बातों का ध्यान रखा जाए तो शरीर जल्द ही फिर से रक्त बना लेता है और साथ ही व्यक्ति को कोई कमजोरी भी नहीं आती है। इसलिए आगर आप भी ब्लड डोनेट करना चाहते हैं, तो निम्न बातों का ध्यान रखने से आपकी सेहत को उसका फायदा भी मिलेगा।
एक पूरी तरह से स्वस्थ व्यक्ति को ही रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि उसका शरीर बहुत जल्दी फिर से रक्त की पूर्ति करने लेता है। वहीं अगर आपको किसी प्रकार की बीमारी है या आपके शरीर में पहले से ही खून कम है, तो ऐसे मे आपके लिए रक्तदान करना नुकसानदायक भी हो सकता है।
अगर आप रक्तदान करना चाहते हैं, तो आपको कम से कम एक दिन पहले ही स्मोकिंग बंद कर देना चाहिए। साथ ही अगर ब्लड डोनेट करने के बाद कम से कम 5 घंटे तक धूम्रपान न करें। ऐसा इसलिए क्योंकि धूम्रपान आपके ब्लड प्रेशर को प्रभावित कर सकता है और ऐसे में आपका स्वास्थ्य बिगड़ने का खतरा अधिक रहता है।
अगर आप ब्लड डोनेट करते हैं, तो उसके बाद आप को अपनी डाइट का खास ख्याल रखना होगा। अपने आहार में ज्यादा से ज्यादा फल व सब्जियों को शामिल करें। खूब पानी व अन्य स्वास्थ्यवर्धक तरल पेय पदार्थ पिएं।
रक्तदान करने के बाद कुछ समय तक आपको थोड़ी थकान महसूस हो सकती है, लेकिन यह किसी बीमारी या कमजोरी का संकेत नहीं है और पूरी तरह से सामान्य है। ऐसे में आप शरीर को पर्याप्त आराम दें और आपकी थकान दूर हो जाएगी। वहीं अगर आपकी थकान दूर नहीं हो रही है, तो आप डॉक्टर से संपर्क कर लें।
कुछ लोगों को ब्लड डोनेट करना अच्छा लगता है, लेकिन उनको यह पता होना जरूरी है कि एक स्वस्थ पुरुष सिर्फ 3 महीने में एक बार और महिलाएं 4 महीने में एकबार रक्तदान कर सकती हैं। ऐसा इसलिए ताकि आप आपके शरीर को फिर से रक्त बनाने के लिए पर्याप्त समय दे सकें।
हालांकि, अगर आप अपने आप को पूरी तरह से स्वस्थ महसूस करते हैं, तो भी आपको एक बार डॉक्टर से पूछ लेना चाहिए कि आप ब्लड डोनेट कर सकते हैं या नहीं। डॉक्टर आपके कुछ टेस्ट कर सकते हैं और उनसे अंदाजा लगा सकते हैं कि ब्लड डोनेट करना आपके लिए कितना सुरक्षित और फायदेमंद है।