
रश्मि उपाध्याय
रश्मि उपाध्याय साल 2014 से मीडिया क्षेत्र से जुड़ी हैं और TheHealthSite.Com में बतौर एडिटर काम कर रही हैं। इन्हें ... Read More
Written By: Rashmi Upadhyay | Published : June 23, 2021 2:31 PM IST
H1N1 एक वायरल इंफेक्शन है जो मूल रूप से सूअरों से मनुष्यों में फैलता है।
कोरोना संकट के बीच मुंबई में स्वाइन फ्लू (Swine Flu In Mumbai) ने दस्तक दे दी है। डाक्टर्स का कहना है कि मुंबई में 2021 में अब तक स्वाइन फ्लू के तीन और H3N2 के दो मामले देखे गए हैं। हेल्थ एक्सपर्ट का कहना है कि अगर किसी मरीज के लक्षण कोरोना इलाज से कम नहीं हो रहे हैं तो उन्हें स्वाइन फ्लू टेस्ट (Corona and Swine Flu) कराना चाहिए। दरअसल कोरोना और स्वाइन फ्लू के लक्षण लगभग सामान्य होते हैं। डॉक्टर भी लक्षणों को देखकर कन्फ्यूज हो जाते हैं कि आखिर संक्रमण कौन सा है। मुंबई में पिछले साल H1N1 के 44 केस सामने आए थे और साल 2019 में H1N1 के 451 केस आए थे और 5 लोगों की मौत हुई थी।
मुंबई के ग्लोबल अस्पताल के सीनियर कन्सलटेंट डॉक्टर वसंत नागवेकर का कहना है कि पिछले 1 महीने में H1N1, H3N2 और RAC के 7-8 मामले सामने आ चुके हैं। जब डॉक्टर से पूछा गया कि क्या किसी को कोरोना वैक्सीन लेने के बाद भी स्वाइन फ्लू हुआ है तो उन्होंने जवाब में कहा कि दो मरीजों में कोरोना वैक्सीन लेने के बाद स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखे हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉक्टर वसंत नागवेकर ने हाल ही में दो ऐसे मरीजों का इलाज किया है जिनमें सर्दी, बुखार और सिर दर्द जैसे लक्षण थे। हालांकि डॉक्टर को इलाज के दौरान तब शक हुआ जब एक 30 वर्षीय मरीज जो कोरोना से रिकवर हो चुका था, वो फिर से कोरोना पॉजीटिव मिला। डॉक्टर का कहना है कि ऐसा बहुत रेयर होता है जब कोरोना से संक्रमित व्यक्ति 90 दिन के अंदर फिर से कोरोना पॉजिटिव हो जाए। जब डॉक्टर ने उस व्यक्ति को H1N1 टेस्ट कराने को कहा तो मरीज स्वाइन फ्लू से संक्रमित मिला।
H1N1 एक वायरल इंफेक्शन है जो मूल रूप से सूअरों से मनुष्यों में फैलता है। यह वायरस इंसानों में आसानी से फैल सकता है। स्वाइन फ्लू से संक्रमित व्यक्ति में ठंड लगना, सिर में दर्द, बुखार, उल्टी होना, खांसी और छींक आना जैसे लक्षण दिखते हैं। यदि किसी व्यक्ति को ऐसे लक्षण दिखते हैं तो अपना टेस्ट जरूर कराएं।