मंदसौर की मासूम के इलाज के लिए मुंबई से पहुंचे चिकित्सक, हालत में सुधार

मध्यप्रदेश के मंदसौर में मंगलवार को स्कूल से गायब हुई 8 साल की छात्रा के साथ दुष्कर्म की पुष्टी हुई थी।

WrittenBy

Written By: Editorial Team | Published : July 1, 2018 7:00 PM IST

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में दो युवकों की हैवानगी का शिकार बनी सात साल की बच्ची का इंदौर के एमवाय अस्पताल में इलाज जारी है। अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन में मासूम की हालत में सुधार की बात कही गई है।

मध्यप्रदेश के मंदसौर में मंगलवार को स्कूल से गायब हुई 8 साल की छात्रा के साथ दुष्कर्म की पुष्टी हुई थी। पीड़ित मासूम के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए थे। मासूम के चेहरे पर भी कई कट के निशान थे। जिसके बाद छात्रा को मंदसौर से इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया था। इंदौर में हुई जांच में बच्ची के साथ यौन हिंसा की पुष्टी की गई है।

मासूम के इलाज के लिए मुंबई से चिकित्सक पहुंचे हैं। अस्पताल की ओर से रविवार को जारी मेडिकल बुलेटिन में कहा गया है कि मासूम को खाना दिया जा रहा है, उसकी स्थिति में सुधार हो रहा है। उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जा रही है।

चिकित्सकों के मुताबिक, मासूम बच्ची पूरी तरह होश में है और परिजनों से बातचीत भी कर रही है। चिकित्सकों ने बच्ची से ज्यादा लोगों के न मिलने का आग्रह किया है, क्योंकि उसे संक्रमण का खतरा बना हुआ है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ रविवार को हरिदवार में हैं। वहां उन्होंने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि वे पीड़ित मासूम के परिजनों के संपर्क में हैं, आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने के लिए उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश व उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से अपील की है। साथ ही राज्य सरकार मासूम की सभी जरूरतें पूरी करेगी।

वहीं दो में से एक आरोपी आसिफ के परिजनों का कहना है कि उनका बेटा बेगुनाह है, लिहाजा इस मामले की सीबीआई से जांच कराई जानी चाहिए।

स्रोत: IANS Hindi.

चित्रस्रोत: Shutterstock.

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source