
... Read More
Written By: Anshumala | Updated : June 23, 2020 9:02 PM IST
दिल्ली सरकार ने लिया बड़ा फैसला, होम आइसोलेशन में कोरोना रोगियों को देगी ऑक्सी पल्स मीटर और ऑक्सीजन की सुविधा।
Home isolation corona patient: दिल्ली के अंदर होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना रोगियों को दिल्ली सरकार ऑक्सी पल्स मीटर मुहैया करवाएगी। इस ऑक्सी पल्स मीटर से कोरोना रोगी अपने शरीर में ऑक्सीजन का स्तर माप सकेंगे। ऑक्सीजन की कमी होने पर दिल्ली सरकार कोरोना रोगियों को उनके घर पर ही ऑक्सीजन का सिलेंडर मुहैया करवाएगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा, "कोरोनावायरस की बीमारी में यदि सही समय पर ऑक्सीजन मिल जाए, तो बीमार व्यक्ति बहुत जल्द ठीक हो सकता है। दिल्ली सरकार अब होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना संक्रमित लोगों (Home isolation corona patient) को एक ऑक्सी मीटर देगी, जिससे वह घर पर ही अपने शरीर का ऑक्सीजन स्तर जांच सकते हैं।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "ऑक्सीजन का स्तर नीचे जाते ही कोरोना रोगी दिल्ली सरकार से संपर्क करेंगे और इन्हें तुरंत इनके घर पर ही ऑक्सीजन मुहैया कराई जाएगी। ऑक्सीजन मुहैया कराने के लिए दिल्ली के प्रत्येक जिला स्तर पर ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए व्यवस्था की जाएगी।"
दरअसल, दिल्ली में अभी 12 हजार से अधिक कोरोना रोगी अस्पतालों की बजाय घर पर ही रहकर अपना इलाज करवा (Home isolation corona patient) रहे हैं। दिल्ली में 12 जून को विभिन्न अस्पतालों में 5300 कोरोना रोगी भर्ती थे। 22 जून तक इनकी संख्या में 900 रोगियों का इजाफा हुआ है और अभी कुल 6200 कोरोना रोगी विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। दिल्ली सरकार बिना लक्षण वाले या फिर कम लक्षण वाले कोरोना रोगियों को उनके घर पर ही रखकर उपचार देने के पक्ष में है।
दिल्ली में बीते 24 घंटे के दौरान कोरोनावायरस से 63 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है। 63 लोगों की मौत के साथ ही कोरोनावायरस के 3000 नए रोगियों का भी पता चला है। दिल्ली में कोरोनावायरस से संक्रमित व्यक्तियों की कुल संख्या 59,746 हो गई है। दिल्ली में अभी तक कोरोना से कुल 2175 व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है।
पल्स ऑक्सीमीटर एक छोटी सी क्लिप-ऑन डिवाइस या मशीन होती है, जिसे आमतौर पर शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा जांचने के लिए व्यक्ति की उंगली में लगाई जाती है। हालांकि, इसे कान या पैर की अंगुली पर भी लगाया जा सकता है। इसे उंगली पर लगाने के बाद आसानी से नब्ज और खून में ऑक्सीजन की मात्रा का पताया लगाया जाता है। अब होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना पेशेंट अपने शरीर का ऑक्सीजन लेवल माप सकेंगे।
हॉस्पिटल में जब किसी मरीज की सर्जरी की जाती है, तो उसे मॉनिटर करने के लिए ऑक्सीमीटर का इस्तेमाल किया जाता है। जिन्हें रेस्पिरेटरी समस्या यानी सांस से संबंधित कोई समस्या होती है, तो वो भी इसका उपयोग कर सकते हैं। एक पल्स ऑक्सीमीटर की कीमत 1,000 रुपये से लेकर 3,000 रुपये के बीच होती है। एक पल्स ऑक्सीमीटर ना सिर्फ आपके ऑक्सीजन संतृप्ति स्तर (oxygen saturation levels) को दिखा सकता है, बल्कि आपकी हृदय गति को भी दर्शाता है।
पल्स ऑक्सीमीटर से जब रीडिंग लें तो नाखून साफ हों और रंग जैसा ना लगा हो।
नाखून छोटे हों।
हाथ बहुत ज्यादा ठंडे ना हों।
शरीर का ब्लड सर्कुलेशन सही हो।
Corona & MMR Vaccine : शोधकर्ताओं का दावा, एमएमआर वैक्सीन कोरोना से निपटने में कर सकती है मदद
इनपुट: (आईएएनएस हिंदी)