
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Written By: Kishori Mishra | Published : March 19, 2023 8:17 AM IST
Influenza H3N2 Virus : इन्फ्लूएंजा H3N2 वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। देश के कुछ राज्यों में इसके मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। कई लोग इस वायरस की वजह से अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। इन बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने एडवायजरी जारी की है।
जारी एडवायडरी में सरकार ने लोगों से एहतियाती बरतने की अपील की है, जैसे- मास्क पहनकर बाहर निकलें, भीड़-भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें, हाथों को अच्छी तरह से धोएं, डॉक्टर के दिए निर्देशों को फॉलो करें, इत्यादि। साथ ही लोगों में वायरस को लेकर जागरूकता फैलाए जाने की भी अपील की है।
दिल्ली स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने एक सम्मेलन में संवादाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा हर अस्पतालों में इन्फ्लूएंजा मामलों की जांच करने का निर्देशजारी किया है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पहले से अस्थमा या फिर श्वसन से जुड़ी बीमारी हुई है, उन्हें इन्फ्लूएंजा का सबसे अधिक खतरा रहा है। इसके अलावा 65 से अधिक उम्र और 5 से कम उम्र के बच्चों को भी इन्फ्लूएंजा का खतरा अधिक है। ऐसे में इन लोगों को सबसे अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में रोजाना 20 मामले आ रहे हैं। वहीं, अन्य अस्पतालों में रोजाना 7 से 8 मामले आ रहे हैं। ऐसे में यह काफी चिंता का विषय है।
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के मुताबिक, इन्फ्लुएंजा के मामलों में बढ़ोतरी का कारण इन्फ्लुएंजा ए सब-टाइप H3N2 है।
H3N2 वायरस का दूसरा नाम हॉन्ग-कॉन्ग फ्लू (Hong Kong flu) भी है। यह इन्फ्लूएंजा ए वायरस (Influenza A virus) का सब-टाइप वेरिएंट है। इस वायरस से संक्रमित होने वाले मरीजों को सांस लेने में परेशानी के साथ-साथ खांसी, जुकाम, उल्टी, सिर में दर्द जैसी परेशानी महसूस होती है।
हाल ही में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की स्टैंडिंग कमिटी ने एक बयान में कहा संक्रमण के तेजी से बढ़ने का कारण वायु प्रदूषण भी हो सकता है। इसके साथ ही मौसम में बदलाव की वजह से भी संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है।
बदलते मौसम की वजह से संक्रमण का खतरा काफी तेजी से बढ़ता है। ऐसे में आपको विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। इसके लिए आसपास के वातावरण को साफ करने के साथ-साथ अपने सेहत पर भी ध्यान रखें।