कैंसर से जूझ रहीं दीपिका कक्कड़ का 22% निकाला लिवर, जानें अब कैसे सर्वाइव कर रही हैं एक्ट्रेस

दीपिका कक्कड़ को लिवर कैंसर था। उनका कैंसर, ट्यूमर के अंदर ही था। इसकी वजह से लिवर का 22 फीसदी हिस्सा निकाल दिया गया है।

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Published : November 12, 2025 2:17 PM IST

'ससुराल सिमर का' फेम दीपिका कक्कड़ को मई 2025 में लिवर ट्यूमर डायग्नोस हुआ था। एक्ट्रेस को स्टेज 2 का कैंसर था। इसके बाद उनकी सर्जरी हुई और ट्यूमर को निकाला गया। अब दीपिका ठीक है और नॉर्मल जिंदगी जी रही हैं। हाल ही में वह भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में पहुंची थीं। वहां, उन्होंने अपनी कैंसर जर्नी को लेकर खुलकर बातचीत की। अभी उनका एक स्कैन होना बाकि है, जिसमें पता चलेगा कि वह अब कैंसर मुक्त हो गईं है या नहीं। दीपिका ने बताया कि उनके केस में कैंसर सिर्फ ट्यूमर के अंदर ही था, उनके शरीर में कैंसर नहीं फैला था। इसलिए रिकवरी करने में आसानी हुई। बातचीत में दीपिका ने बताया कि उनका 22 प्रतिशत लिवर निकाल दिया गया है। ऐसे में कई लोगों के मन में यह सवाल जरूर होगा कि 22 फीसदी लिवर निकालने के बाद जीवन कैसे संभव है? तो आइए, इसके बारे में विस्तार से जानते हैं-

22 फीसदी निकाला लिवर

दीपिका ने बताया कि उनका FAPI स्कैन हुआ था। इस स्कैन में पता चला कि उनके लिवर के अंदर 11 सेंटीमीटर लंबा कैंसर युक्त ट्यूमर है। लेकिन, अच्छी बात यह है कि कैंसर शरीर के किसी भी अन्य हिस्से में नहीं फैला था। कैंसर सिर्फ ट्यूमर के अंदर था, इसलिए उनके ट्यूमर को हटाने के लिए लिवर का 22 प्रतिशत हिस्सा हटाना पड़ा। उनके लिवर का 22 प्रतिशत हिस्सा काट दिया गया है, जिससे ट्यूमर पूरी तरह से निकल जाए और भविष्य में कोई जोखिम न रहे।

आपको बता दें कि FAPI (फाइब्रोब्लास्ट एक्टिवेशन प्रोटीन इन्हिबिटर) स्कैन, सीटी स्कैन की तरह होता है। इस स्कैन की मदद से कैंसर सेल्स का पता लगाया जाता है। इस स्कैन की मदद से पता लगाया जाता है कि कैंसर कितना और कहां तक फैल चुका है।

अब कैसे सर्वाइव कर रही हैं दीपिका कक्कड़?

दीपिका कक्कड़ का लिवर का 22 प्रतिशत हिस्सा निकाल दिया गया है, जो लगभग 11 सेमी का बताया जा रहा है। इसी के साथ लिवर के अंदर का ट्यूमर और कैंसर भी निकल गया है। पॉडकास्ट में बातचीत करते हुए दीपिका बताती हैं, "अब मैं कीमोथेरेपी ले रही हूं, साथ ही टेस्ट और स्कैन भी करवा रही हूं, जिसमें मैं रिकवरी कर रही हूं।"

दोबारा बन सकता है लिवर

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ (NIH) के अनुसार, लिवर हमारे शरीर का एकमात्र ऐसा अंग है, जो खुद को दोबारा बनाने की क्षमता रखता है। अगर लिवर का 90 फीसदी हिस्सा भी निकाल दिया जाए, तो यह दोबारा से सामान्य आकार में विकसित हो सकता है। लिवर को कुछ हिस्से में निकाल देना कोई बड़ा खतरा नहीं होता है। यह कुछ दिनों बाद खुद को रिपेयर करना शुरू कर देता है। इसलिए कहा जाता है कि लिवर का कुछ हिस्सा निकाल देने के बाद भी इंसान सामान्य रूप से जीवन व्यतीत कर सकता है।

Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।