अब घर से पास वैक्सीनेशन होगा मुमकिन, दिल्ली के मोहल्ला क्लिनिक में शुरु होंगे वैक्सीनेशन सेंटर

शहर के सभी मोहल्ला क्लीनिकों में वैक्सीनेशन सेंटर स्थापित किए जाएंगे और को-विन ऐप पर बुकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी

WrittenBy

Written By: Sadhna Tiwari | Updated : June 28, 2022 9:50 AM IST

दिल्ली में कोरोना वैक्शीनेशन अभियान को बढ़ावा देने और लोगों को आसानी से बूस्टर डोज उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली सरकार ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। अब दिल्ली शहर के मोहल्ला क्लीनिकों में वैक्सीनेशन सेंटर शुरू किए  जाएंगे। इसका मकसद अधिक से अधिक लोगों को मुफ्त में कोरोना वैक्सीन लगाने और उन्हें आसानी से वैक्सीन उपलब्ध कराना है। मिली जानकारी के अनुसार, सभी मोहल्ला क्लीनिकों में वैक्सीनेशन सेंटर स्थापित किए जाएंगे।

मोहल्ला क्लिनिकों की शुरूआत के बारे में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने कहा, "दिल्ली में हमने सभी पात्र लाभार्थियों के वैक्सीनेशन के लिए बहुआयामी रणनीति अपनाई है। दिल्ली में हमने मिशन मोड में टीकाकरण अभियान चलाया है जिसका नतीजा ये है कि शहर की ज्यादातर आबादी को वैक्सीन की पहली व दूसरी डोज लगे जा चुकी है, लेकिन अभी भी कुछ लोगों को दूसरी डोज और आबादी के एक बड़े हिस्से को कोरोना से बचाव के लिए नई जोड़ी गई एहतियाती खुराक देना बाकी है।"

को-विन ऐप पर उपलब्ध हो सकेगी जानकारी

उपमुख्यमंत्री  ने कहा, "इस दिशा में मोहल्ला क्लीनिकों में वैक्सीनेशन सेंटर की शुरूआत कर सभी को बूस्टर डोज देने और पूर्ण टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी, जैसे ही मोहल्ला क्लीनिकों में वैक्सीनेशन सेंटर शुरू होंगे उन्हें को-विन पर अपलोड कर दिया जाएगा और लाभार्थी आसानी से अपने लिए स्लॉट बुक कर सकेंगे।"

दिल्ली के हर मोहल्ला क्लीनिक में एक प्रशिक्षित हेल्थकेयर वर्कर नियुक्त किया जाएगा जो टीकाकरण का काम करेगा। साथ ही लाभार्थियों की काउंसलिंग करने व क्लिनिक में कोरोना वैक्सीनेशन संबंधी दिशानिर्देशों का पालन किया जाए ये सुनिश्चित करने के लिए मोहल्ला क्लिनिक का एक स्टाफ को तैनात किया जाएगा।

वैक्सीनेशन में तेजी लाने के प्रयास

दिल्ली सरकार के अनुसार, कोविड वैक्सीन की पहली खुराक, दूसरी डोज और बूस्टर डोज सहित दिल्ली भर में लोगों को 3.49 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं।

दरअसल सरकार द्वारा पहले अपने स्कूलों को टीकाकरण केंद्र के रूप में इस्तेमाल किया जाता था जिससे दिल्ली में टीकाकरण की गति को तेजी मिली थी, लेकिन अब जब स्कूल फिर से खुल गए हैं और एक बड़ी आबादी को दोनों डोज लग चुकी है तो इन वैक्सीनेशन सेंटर्स को स्वास्थ्य केंद्रों और मोहल्ला क्लिनिक में शिफ्ट कर दिया गया है।

(आईएएनएस)

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source