
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : May 22, 2021 3:23 PM IST
शोधकर्ताओं के एक शोध के मुताबिक, कोरोना वायरस कुछ समय में धीमा पड़ जाएगा।
पूरी दुनिया में मौत का तांडव करने वाले कोरोना वायरस (Covid-19) के खिलाफ एक नई रिसर्च सामने आई है, जो आपको आपके लिए किसी खुशखबरी से कम नहीं है। दरअसल एक रिसर्च में यह दावा किया गया है की अगले कुछ सालों में कोरोना वायरस एक सामान्य सर्दी-जुखाम वाला वायरस बन कर रह जाएगा यानी इसकी मारक क्षमता खत्म हो जाएगी और यह सामान्य उपचार से ठीक हो जाएगा।
जानी-मानी शोध पत्रिका 'वायरसेस' में प्रकाशित एक अध्ययन में गणितीय मॉडल के आधार पर एक अनुमान लगाया गया है, जिसके आधार पर यह दावा किया गया है कि आने वाले दशक तक कोविड-19 वायरस एक सर्दी-जुकाम वाला वायरस बनकर रह जाएगा। दावे में यह भी कहा गया है कि वर्तमान में महामारी के दौरान मिले अनुभवों से हमारा शरीर इम्यून सिस्टम में बदलाव भी कर लेगा।
अमेरिका में यूटा यूनिवर्सिटी में मैथ और बायोलॉजी के प्रोफेसर फ्रेड अडलेर का कहना है कि "यह शोध एक संभावित भविष्य को दर्शाता है, जिसके समाधान के लिए अभी तक तमाम कदम नहीं उठाए गए हैं।"
अडलेर ने कहा, "आबादी के बड़े हिस्से में इम्यून सिस्टम तैयार हो जाने से अगले दशक तक कोरोना वायरस संक्रमण की गंभीरता कम होती जाएगी।"
अध्ययन में कहा गया है कि, वायरस में आए परिवर्तनों की तुलना में हमारे इम्यून सिस्टम में आए बदलावों की वजह से बीमारी की गंभीरता कम होती जाएगी। इस शोध के मुताबिक टीकाकरण से या संक्रमण के माध्यम से वयस्कों की इम्यूनिटी बेहतर होने से अगले दशक तक इस वायरस के कारण कोई गंभीर बीमारी नहीं होगी।
हालांकि शोधकर्ताओं का कहना है कि इस मॉडल में बीमारी के सभी मामलों पर ध्यान नहीं दिया गया है, उदाहरण के तौर पर अगर वायरस का नया रूप इम्यूनिटी को चोट पहुंचा देता है तो कोरोना वायरस गंभीर रूप भी ले सकता है।