अलग-अलग दवाइयों के मिश्रण से होगा वैक्सीनेशन, जानें कब से राज्यों को उपलब्ध कराया जाएगा कोरोना का टीका

मिली जानकारी के अनुसार, सेंटर गवर्नमेंट और राज्य सरकारों के बीच एक वीडियो कांफ्रेंसिंग के ज़रिए कोरोना वैक्सीन (Corona Virus Vaccine) से जुड़ी चर्चा भी की गयी। जिसमें, जनवरी और जुलाई 2021 के बीच टीकाकरण करने से जुड़े सभी पहलुओं पर बात की गयी।

WrittenBy

Written By: Sadhna Tiwari | Updated : October 14, 2020 12:05 AM IST

Covid-19 Vaccinations: कोरोना वायरस वैक्सीन के आगमन से पहले ही, केंद्र सरकार ने राज्यों को इस बात का आदेश दिया है कि वह राज्य में कोरोना वायरस टीकाकरण (Covid-19 Vaccinations) कार्यक्रमों की दिशा में कार्य शुरू करे। केंद्र सरकार द्वारा असम राज्य को कहा गया है कि वह जनवरी 2021 से कोरोना वायरस वैक्सीनेशन आरंभ करने के लिए सारी तैयारियां कर ले। असम राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने समाचार एजेंसियों को इस बारे में मंगलवार को जानकारी दी।

मीडिया से बात करते हुए सरमा ने कहा, "केंद्र सरकार ने हमसे कहा है कि, टीकाकरण कार्यक्रम (Covid-19 Vaccinations in Assam) में फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं और ऐसे लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनकी उम्र 60 वर्ष से ऊपर है। राज्य में टीकाकरण का यह कार्यक्रम जनवरी 2021 से जुलाई 2021 तक चलने की जानकारी भी हमें दी गयी है।"

अलग-अलग दवाइयों के मिश्रण से होगा वैक्सीनेशन:

मिली जानकारी के अनुसार, सेंटर गवर्नमेंट और राज्य सरकारों के बीच एक वीडियो कांफ्रेंसिंग के ज़रिए कोरोना वैक्सीन (Corona Virus Vaccine) से जुड़ी चर्चा भी की गयी। जिसमें,  जनवरी और जुलाई 2021 के बीच टीकाकरण करने से जुड़े सभी पहलुओं पर बात की गयी। सरमा ने बताया कि, केंद्र 6-7 स्रोतों से कोविड-19 वैक्सीन (Covid-19 Vaccines) प्राप्त करने की उम्मीद कर रहा है। यह वैक्सीनेशन कार्यक्रम केवल एक दवाई की बजाय कई दवाइयों के मिश्रण के साथ पूरा किया जाएगा। (Covid-19 Vaccinations in India)

असम में कम हो रहे हैं कोविड-19 के मामले

राज्य में महामारी की स्थिति पर चर्चा करते हुए मंत्री ने जानकारी दी कि, असम राज्य में कोविड-19 महामारी कर्व अब फ्लैट है। इसका मतलब है कि, कोविड-19 केसेस में यहां लगातार कमी आ रही है।  सरमा ने बताया,

  • असम में पॉजिटिव दर में तेजी से गिरावट आयी है। अब पॉजिटिविटी रेट 1.4 प्रतिशत हो गयी है।
  • वहीं, रिकवरी रेट में बढ़ोतरी देखी गयी, जो अब 85 प्रतिशत हो गयी है।
  • राज्य में कोविड मृत्युदर भी घटकर 0.42 प्रतिशत हो गयी है।
  • असम ने अब तक 40 लाख सैम्पल्स की टेस्टिंग की है"
  • फिलहाल असम में कोरोना पॉजिटिव पाए गए 1,95,304 व्यक्तियों में से 1,66,036 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 826 मरीजों ने इस बीमारी से जान गंवाई है।

दुर्गा पूजा में रखा जाएगा सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान

सरमा ने आने वाले पांच दिवसीय दुर्गा पूजा उत्सव के लिए मानक प्रोटोकॉल की घोषणा की, जिसमें पूजा पंडालों में 50 से अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस दौरान कोई भी सांस्कृतिक कार्य आयोजित नहीं किया जाएगा और पूजा पंडालों को हर तरफ अलग-अलग प्रवेश और निकासद्वारों के साथ खुला रखना होगा।दुर्गा पूजा आयोजकों को कोविड-19 संक्रमण से बचने के लिए सैनिटाइजर और मास्क का उपयोग सुनिश्चित करना होगा।