
रश्मि उपाध्याय
रश्मि उपाध्याय साल 2014 से मीडिया क्षेत्र से जुड़ी हैं और TheHealthSite.Com में बतौर एडिटर काम कर रही हैं। इन्हें ... Read More
Written By: Rashmi Upadhyay | Updated : July 14, 2020 10:09 AM IST
पटना एम्स में आज से शुरू होगा COVAXIN का ह्यूमन ट्रायल
पटना स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), आज यानि कि 13 जुलाई, 2020 से कोरोनावायरस वैक्सीन-कोवैक्सिन (COVAXIN) का ह्यूमन ट्रायल शुरू कर रहा है। इस ह्यूमन ट्रायल का हिस्सा बनने के लिए कई लोगों ने एम्स अस्पताल से संपर्क किया, लेकिन इस प्रक्रिया के लिए 18 से 55 वर्ष की आयु के केवल 18 लोगों को चुना गया है। इन सभी को मेडिकल जांच के बाद कोरोना वैक्सीन का पहला डोज दिया जाएगा। डोज देने के बाद डॉक्टर्स और एक्सपर्ट की टीम 2 से 3 घंटे तक उन पर नजर रखेगी। पहले डोज की सफल रिपोर्ट मिलने के बाद लोगों को दूसरी और तीसरी डोज दी जाएगी। बता दें कि COVAXIN को भारत बायोटेक द्वारा ICMR-NIV के सहयोग से विकसित किया गया है, यह भारत की पहली COVID-19 वैक्सीन है।
पटना एम्स के अध्यक्ष डॉ. सी.एम सिंह का कहना है कि मंगलवार से वैक्सीन का ट्रायल कुल 18 लोगों पर शुरू हो रहा है। इन सभी लोगों को अस्पताल बुलाकर उनका मेडिकल चेकअप किया जाएगा। जिसमें सभी 18 लोगों के ब्लड और यूरीन सैम्पल लेकर उनकी जांच होगी। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें वैक्सीन दिया जाएगा और फिर रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रक्रिया होगी। आईसीएमआर की गाइडलाइन के अनुसार, केवल उन्हीं लोगों को पहली डोज दी जाएगी जिनकी रिपोर्ट सही आएगी। पहली डोज के बाद मौके पर मौजूद डाक्टर्स की टीम उन सभी 18 लोगों पर करीब 2 से 3 घंटे नजर रखेगी, फिर उन्हें घर भेज दिया जाएगा। पहली, दूसरी और तीसरी सभी डोज में इंजेक्शन द्वारा ही ट्रायल होगा।
उम्मीद जताई जा रही है कि COVAXIN कोरोना के खिलाफ पूरी मजबूती से काम करेगी। अगर ऐसा होता है तो कोरोना का इलाज संभव होगा और वैक्सीन जल्द ही बाजारों में मिलेगी। बता दें कि AIIMS-पटना भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) द्वारा स्वदेशी COVID-19 वैक्सीन (BBV152 COVID वैक्सीन) के मानव परीक्षणों के संचालन के लिए चुने गए 12 चिकित्सा संस्थानों में से एक है। आज जिन 18 लोगों पर ट्रायल हो रहा है उन्हें अस्पताल अधिकारिक विभाग द्वारा ही चुना गया है।