साल 2021 की शुरूआत से भारत में उपलब्ध होगी कोविड-19 वैक्सीन, डॉ. हर्ष वर्धन का बयान

भारत सरकार में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्ष वर्धन ने कोरोना वायरस वैक्सीन के बारे में एक बयान दिया है। जिसके अनुसार, भारत में कोरोनावायरस वैक्सीन साल 2021 की शुरूआत तक उपलब्ध हो जाएगी। यह टिप्पणी इसीलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि, इस समय भारत में कोरोना वायरस के मरी़ज़ों की तादाद 50 लाख के पार हो चुकी है।

WrittenBy

Written By: Sadhna Tiwari | Updated : September 17, 2020 6:00 PM IST

Coronavirus Vaccine in India: कोरोना वायरस इंफेक्शन से बचाव के लिए वैक्सीन बनाने का काम ज़ोर-शोर से चल रहा है। भारत, रूस और अमेरिका के दावेदार वैक्सीन्स के ह्यूमन ट्रायल्स चल रहे हैं और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही इनमें से कोई न कोई वैक्सीन लोगों के लिए उपलब्ध करायी जा सकेगी। भारत सरकार में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्ष वर्धन ने कोरोना वायरस वैक्सीन के बारे में एक बयान दिया है। जिसके अनुसार, भारत में कोरोनावायरस वैक्सीन साल 2021  की शुरूआत तक उपलब्ध हो जाएगी। यह टिप्पणी इसीलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि, इस समय भारत में कोरोना वायरस के मरी़ज़ों की तादाद 50 लाख के पार हो चुकी है।  देश में बेसब्री से कोविड वैक्सीन का इंतजार हो रहा है। (Coronavirus Vaccine in India)

क्या  साल 2021 में भारत में मिलने लगेगी कोविड वैक्सीन:

हर्षवर्धन ने राज्यसभा में कहा, "अन्य देशों की तरह भारत भी वैक्सीन के लिए प्रयास कर रहा है। 3 वैक्सीन कैंडिडेट का परीक्षण अलग-अलग चरणों में है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में विशेषज्ञों का एक समूह इसे देख रहा है। हमें उम्मीद है कि अगले साल की शुरूआत तक भारत में वैक्सीन उपलब्ध हो जाएगी।"

जायडस केडिला और भारत बायोटेक द्वारा विकसित किए जा रहे दो टीके परीक्षण का पहला चरण पूरा कर चुके हैं। वहीं सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) ने ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया से मंजूरी मिलने के बाद फिर से परीक्षण शुरू कर दिया है।

भारत में कोविड-19 की 3 वैक्सीन पर चल रहा ट्रायल:

कोविशिल्ड वैक्सीन उम्मीदवार की मैन्यूफेक्चरिंग में भारत भागीदार है, जिसे ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के जेनर इंस्टीट्यूट और एस्ट्राजेनेका द्वारा संयुक्त रूप से विकसित किया गया है। पुणे की फर्म एसआईआई देश में 17 परीक्षण स्थलों पर परीक्षण कर रही है।

इसके अलावा रूसी प्रत्यक्ष निवेश कोष (आरडीआईएफ) और डॉ. रेड्डीज लेबोरेटरीज लिमिटेड ने भारत में स्पुतनिक-5 वैक्सीन के वितरण पर सहयोग करने पर सहमति जताई है। स्पुतनिक को रूस के गेमेल्या साइंटिफिक रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ एपिडेमियोलॉजी एंड माइक्रोबायोलॉजी और आरडीआईएफ द्वारा विकसित किया गया था, जिसका 11 अगस्त को रजिस्ट्रेशन किया गया था। मिली जानकारी के मुताबिर, आरडीआईएफ डॉ. रेड्डीज को वैक्सीन की 100 मिलियन खुराक की आपूर्ति करेगा।

भारत में कोरोना वायरस से 83 हजार से अधिक लोगों की मृत्यु:

देश में पिछले 24 घंटों में कोरोनावायरस के दर्ज हुए 97,894 नए मामलों ने कुल आंकड़े को 51 लाख के पार पहुंचा दिया है। वहीं इसी अवधि में देश में 1 हजार से ज्यादा नई मौतें भी दर्ज हुई हैं। इसके साथ ही देश में कुल मामलों की संख्या 51,18,253 और 1,132 मौतों के साथ मृत्यु की संख्या 83,198 हो गई है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source