देश में पिछले 24 घंटे में आए कोरोना के 10 हजार मामले, पॉजिटिविटी रेट 3% के करीब

Coronavirus in India updates: भारत में कोरोना वायरस लगातार बढ़ रहा है और पिछले 24 घंटे में 10 हजार के करीब मामले सामने आए हैं। इस बीच महाराष्ट्र और दिल्ली में भी कोरोना मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है।

WrittenBy

Written By: Pallavi Kumari | Published : June 22, 2022 9:34 AM IST

Coronavirus Updates: देश में कोरोना वायरस की चौथी लहर पर जहां बात हो रही है वहीं कोरोना के मामले हर दिन बढ़ते नजर आ रहे हैं। स्थिति ये है कि पिछले 24 घंटे में कोरोना के 9,923 केस आए हैं और जिससे कुल मामलों की संख्या अब 4,33,19,396 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 79,313 हो गई है। इसके अलावा भारत में पिछले 24 घंटों में कोविड से संबंधित 17 नई मौतें भी हुई हैं, जिससे मरने वालों की कुल संख्या 5,24,890 हो गई है।

पॉजिटिविटी रेट 3% के करीब

जहां कोरोना के 10 हजार के करीब मामले सबको डरा रहे हैं वहीं, पॉजिटिविटी रेट को देख कर थोड़ी चिंता कम होती है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो कोरोना का पॉजिटिविटी रेट 3% के करीब है और एक्टिव मामले कुल संक्रमणों का 0.18 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय रिकवरी रेट 98.61 प्रतिशत पर है। हालांकि, अगर तुलना करें तो एक्टिव मामलों में पिछले 24 घंटे की अवधि में 2,613 मामलों की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंत्रालय ने कहा कि डेली पॉजिटिविटी रेट जहां 2.55 प्रतिशत पर है वहीं, वीकली पॉजिटिविटी रेट 2.67 प्रतिशत दर्ज की गई है।

मुंबई में 1,781 कोरोना मामले और 1 की मौत

देश में जिन कुछ राज्यों में कोरोना वायरस बड़ी तेजी से फैल रहा है उनमें मुंबई भी शामिल है। मुंबई ने मंगलवार को 1,781 कोरोना मामले सामने आए हैं और एक व्यक्ति की मौत की सूचना है, जिससे कोरोना टैली 10,97,735 हो गई। शहर में लगातार दूसरे दिन 2,000 से कम मामले देखे गए हैं और एक्टिव मामलों की संख्या 14,146 हो गई है। वहीं महाराष्ट्र के दैनिक कोविड -19 मामलों में 55% की बढ़ोतरी हुई है और कल 3,659 मामले सामने आए हैं।

वहीं बात दिल्ली की करें तो यहां कल कोरोना के 1,383 मामले सामने आए हैं और सक्रिय मामले 5,595 पर पहुंच गया है। इसके अलावा पॉजिटिविटी रेट घटकर 7.22% पर है। वहीं बात गुजरात की करें जहां कोरोना के मामले एक बार फिर से बढ़ रहे हैं वहां, अहमदाबाद में 108, सूरत के 37, वडोदरा के 28 और राजकोट जिले में कोरोना के 7 मामले सामने आए हैं।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source