Coronavirus Updates: भारत में अचानक फिर बढ़े कोविड-19 के मामले, सिर्फ इन 6 राज्‍यों में है 86% एक्टिव केस

Coronavirus Updates: देश में कोरोना के कुल एक्टिव केस 1,46,907 हो चुके हैं जबकि 1,07,26,702 लोग अब तक कोविड-19 से रिकवर कर चुके हैं। एक्‍सपर्ट का कहना है कि देश में अचानक से कोरोना के मामले बढ़ने का एक कारण वायरस का म्यूटेशन या नया स्ट्रेन भी है। नए स्‍ट्रेन के कारण कोरोना के केस बढ़ रहे हैं।

WrittenBy

Written By: Rashmi Upadhyay | Published : February 24, 2021 3:48 PM IST

Coronavirus Updates: भारत में कुछ दिन पहले तक जहां कोरोनावायरस (Coronavirus) की रफ्तार रुक गई थी वो एक बार फिर से बढ़ने लगी है। बुधवार को 13,742 न्‍यू केस आने के बाद भारत में कोरोना का आंकड़ा 1,10,30,176 हो गया है। बुधवार को आए कोरोना के मामले मंगलवार की तुलना में 30% अधिक हैं। देश में अब तक कोरोना के कारण कुल 1,56,567 लोगों की मौत हो गई है जिसमें से 104 मौतें सिर्फ पिछले 24 घंटो में दर्ज हुई हैं। ऐसे में देश में कोरोना के कुल एक्टिव केस 1,46,907 हो चुके हैं जबकि 1,07,26,702 लोग अब तक कोविड-19 से रिकवर कर चुके हैं। बता दें कि इस साल के सबसे कम दैनिक मामले 9 फरवरी को 9,110 और पिछले साल के सबसे कम दैनिक मामले 3 जून को 9,633 दर्ज किए गए थे।

अचानक से क्‍यों बढ़ रहे हैं कोरोना के मामले?

एक्‍सपर्ट का कहना है कि देश में अचानक से कोरोना के मामले बढ़ने का एक कारण वायरस का म्यूटेशन या नया स्ट्रेन भी है। नए स्‍ट्रेन के चलते कोरोना के केस बढ़ रहे हैं। हालांकि सरकार कोरोना की गति को रोकने और न्‍यू स्‍ट्रेन को काबू में करने के लिए तमाम तरीके अपना रही है। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार 104 लोगों की मौत के बाद मरने वालों की संख्या 1,56,567 हो गई है। वहीं बीमारी से उबरने वाले लोगों की कुल संख्या 1,07,26,702 हो गई है। देश में रिकवरी दर 97.24 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.42 प्रतिशत है। एक दिन में 8,05,844 परीक्षणों के बाद आईसीएमआर द्वारा किए गए परीक्षणों की संख्या 21,30,36,275 हो गई है।

पंजाब में पिछले 24 घंटे में 10 लोगों की मौत

पंजाब राज्‍य में कोरोना के हालात काफी बिगड़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में राज्‍य में 400 नए मामलों के साथ 10 लोगों की मौत हो चुकी है। मेडिकल बुलेटिन के अनुसार करीब 426 नए संक्रमण के साथ राज्‍य में कोरोना केस की संख्‍या 1,79,261 हो चुकी है। बताया जा रहा है कि 400 नए केसेस सबसे ज्‍यादा 3 शहरों में मिले हैं। जिसमें 103 लुधियाना में, 48 अमृतसर और 39 जालंधर से हैं।

इन 6 राज्‍यों में हैं कोरोना के सबसे ज्‍यादा मामले

करीब 84 प्रतिशत मामले 6 राज्यों महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, पंजाब, कर्नाटक और गुजरात के हैं। इसी तरह 84.62 मौतें महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक में हुईं हैं। बता दें कि 16 जनवरी से टीकाकरण अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 1,21,65,598 से ज्यादा कोरोना वैक्सीन डोज दिए जा चुके हैं।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source