Coronavirus Updates: 10 महीने में पहली बार 1.5 फीसदी हुई कोरोना से मरने वालों की दर, दिल्ली में टूटा रिकार्ड

Coronavirus Updates: देश में फिलहाल नोवल कोरोनावायरस के 5,82,649 सक्रिय मामले हो गए हैं, जबकि 74,32,829 लोग इस बीमारी से बिल्कुल ठीक हो चुके हैं। हालांकि राहत भरी बात ये है कि देश में पहली बार कोरोना से मरने वालो की दर 1.5 प्रतिशत तक गिर गई है।

WrittenBy

Written By: Jitendra Gupta | Published : October 31, 2020 1:05 PM IST

Coronavirus Updates: साल 2020 से शुरू हुआ कोरोना का सिलसिला पूरी दुनिया में तबाही का मंजर फैला चुका है और इसका कहर बदस्तूर जारी है। भारत में लगातार बढ़ते कोरोना के मामलों के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में शनिवार को कोरोना के 48,268 नए मामले सामने आए, जिसके बाद कुल मामलों की संख्या बढ़कर 81,37,119 हो हई है। इसके साथ कोरोना से मरने वाली की संख्या में भी इजाफा हुआ है। शनिवार को कोरोना से 551 लोगों ने अपनी जान गंवाई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 1,21,641 पहुंच गई।

पहली बार घटी कोरोना मृत्यु दर

देश में फिलहाल नोवल कोरोनावायरस के 5,82,649 सक्रिय मामले हो गए हैं, जबकि 74,32,829 लोग इस बीमारी से बिल्कुल ठीक हो चुके हैं। हालांकि राहत भरी बात ये है कि देश में पहली बार कोरोना से मरने वालो की दर 1.5 प्रतिशत तक गिर गई है।

दिल्ली में टूटा रिकार्ड

इस बीच, दिल्ली में बीते लगातार तीन दिनों में 5,000 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। वहीं दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने शुक्रवार को फेस मास्क पहनने के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि लोगों को वायरस के खिलाफ "वैक्सीन" के रूप में मास्क को ही एकमात्र तरीके के रूप में विचार करना चाहिए।

दिल्ली में अब तक के सबसे ज्यादा मामले

दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना के 5,891 नए मामले सामने आए, जो अब तक एक दिन में सामने आने वाले सबसे ज्यादा मामलों में सबसे ज्यादा हैं। दिल्ली में वायरस से प्रभावित लोगों की कुल संख्या 3,81,644 हो गई है। पिछले 24 घंटों में 47 मौतों के साथ, मरने वालों की संख्या भी बढ़कर 6,470 हो गई है।

वैज्ञानिकों ने तैयार की 3 डी मैपिंग

कोरोनावायरस में SARS-CoV-2 नाम का एक एंजाइम होता है जिसे मुख्य प्रोटीज कहा जाता है, जो मानव कोशिका को संक्रमित करने के बाद अपनी संख्या बढ़ाता है। पहली बार, वैज्ञानिकों ने एक 3 डी मैप पूरा किया है, जो इस एंजाइम के अणु में प्रत्येक एटम के स्थान का खुलासा करता है। जैसा कि कोरोना के मामलों में कई देशों में फिर से उछाल आया है, यह 3 डी मैपिंग वैज्ञानिकों को बेहतर तरीके से इस वायरस को समझने की अनुमति देगा कि कोरोनोवायरस कैसे व्यवहार करता है, और इसे कैसे रोका जा सकता है।

अमेरिकी शोधकर्ताओं ने बताया कैसे रोका जा सकता है वायरस

इस मैपिंग को अमेरिकी ऊर्जा विभाग के तहत ओक रिज नेशनल लेबोरेटरी के शोधकर्ताओं द्वारा किया गया है और इसके परिणाम जर्नल ऑफ बायोलॉजिकल केमिस्ट्री में प्रकाशित हुए हैं।

SARS-CoV-2 प्रोटीन की लंबी श्रृंखला को व्यक्त करता है। जब ये चेन टूट जाती हैं और छोटे-छोटे टुकड़ों में कट जाती हैं, तो यह वायरस को प्रजनन करने में सक्षम बनाता है। यह कार्य मुख्य प्रोटीज द्वारा किया जाता है। अगर कोई ऐसी दवा विकसित हो जाती है, जो प्रोटीज गतिविधि को रोकती है या अवरुद्ध करती है, तो वायरस को शरीर की अन्य कोशिकाओं में फैलाने से रोका जा सकता है।