
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Written By: Kishori Mishra | Updated : December 19, 2023 12:22 PM IST
Covid 19 JN1 Variant in Hindi : पूरी दुनिया में एक बार फिर से कोरोना जा कहर शुरू हो चुका है। हाल ही में JN.1 नामक कोरोना के एक नए वेरिएंट का पता चला है, जो डॉक्टर्स और एक्सपर्ट के लिए काफी ज्यादा चिंता का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि यह कोविड-19 सबवेरिएंट JN.1 'BA.2.86' का ही स्वरूप है। नए कोविड वेरिएंट के मद्देनजर, भारत में बीते सोमवार कोविड-19 के एक्टिव मामले बढ़कर 1,828 हो गया। इसके अलावा केरल में 4 मौत की सूचना मिली थी, जहां हाल ही में कोरोना वायरस के जेएन.1 सबवेरिएंट का पता चला था। इसके बाद केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों को एडवाइजरी जारी कर कोविड के मामलों को लेकर बेहतर स्वास्थ्य इंतजाम करने का आग्रह किया है।
बताया जा रहा है कि 18 दिसंबर को भारत में कोविड-19 के 260 नए मामले दर्ज किए गए, ऐसे में भारत में कोविड के एक्टिव मामले बढ़कर 1,828 हो गए। हेल्थ मिनिट्री वेबसाइट के अनुसार, कोविड से मरने वालों की संख्या 5,33,317 तक पहुंच गई। इसके अलावा, भारत में कुल COVID-19 मामलों की संख्या 4.50 करोड़ (4,50,05,076) है और रिकवरी बढ़कर 4,44,69,931 हो गई है, जिससे राष्ट्रीय रिकवरी दर 98.81 प्रतिशत हो गई है। मंत्रालय की वेबसाइट बताती है कि अब तक देश भर में 220.67 करोड़ लोगों को कोविड-19 वैक्सीन दी जा चुकी हैं।
केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) को पत्र लिखकर उनसे कोविड -19 मामलों के बढ़ते मामलों को देखते हुए "निरंतर सतर्कता" बनाए रखने का आग्रह किया है। पत्र के माध्यम से केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव सुधांश पंत ने निरंतर प्रयासों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला है।
बता दें कि कोविड-19 सब-वेरिएंट JN.1 का पहला मामला 8 दिसंबर को केरल में पाया गया था, जिसके बाद से स्थिति में काफी ज्यादा उभार आया है जो एक चिंता का विषय बना हुआ है।
आगामी त्योहारी सीज़न के साथ पंत ने राज्यों को आवश्यक सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों को लागू करने और इसे फैलने के जोखिमों को कम करने के लिए बेहतर स्वासथ्य व्यवस्था करने का आग्रह किया है।
कोविड-19 के नए वेरिएंट का कहर न सिर्फ केरल राज्य में है, बल्कि देश के कई अन्य राज्यों में भी इसका कहर है। बताया जा रहा है कोरोना से मरने वालों की संख्या 5 हो चुकी है, जिसमें 4 केरल और 1 यूपी के रहने वाले व्यक्ति हैं। ऐसे में देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। वहीं, रविवार को देश में कोरोना के नए एक्टिव मामले 335 बताए गए थे।
हेल्थ मिनिस्ट्री द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, भारत में कोविड-19 के नए वेरिएंट JN. 1 के प्रवेश की पुष्टि हो चुकी है। ऐसे में सभी राज्यों को अलर्ट रहने की जरूरत है। नए साल पर कई तरह के कार्यक्रम आयोजित होगें, जहां पर भीड़ कंट्रोल करने के लिए राज्य सरकारों को उचित कदम उठाने होंगे। इसके साथ ही कोरोना के नए मामलों की जांच के लिए आरटी पीसीआर तकनीक से टेस्टिंग बढ़ानी होगी। साथ ही सभी तरह के बुखार का नियमित रूप से मॉनिटरिंग होना जरूरी है। यदि किसी मरीज के ब्लड सैंपल में कोविड टेस्ट पॉजिटिव आता है, तो उसके ब्लड सैंपल को तुरंत जिनोम सीक्वेंसिंग के लिए INSACOG LAB में भेजा जाए। ताकि कोविड के बढ़ते मामलों को कंट्रोल किया जा सके।
बता दें कि केरल में नए सब-वेरिएंट के सामने आने के बाद देश का लगभग हर एक राज्य सतर्कता अपना रहा है। इसे लेकर सरकार काफी अलर्ट हो चुकी है। इसी के मद्देनजर कर्नाटक सरकार ने 60 साल से अधिक उम्र के लोगों और गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्तियों को मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। ताकि संक्रमण फैलने का खतरा कम हो सके।