
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Written By: Kishori Mishra | Updated : December 28, 2022 2:28 PM IST
Covid-19 UP-Bihar Update: कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच बिहार में महामारी को लेकर काफी चिंता बढ़ गई है। इससे निपटने के लिए बिहार सरकार और प्रशासन अलर्ट मोड में आ चुकी है। कोरोना से निपटने के लिए यूपी और बिहार सरकार तैयारी करने में जुटी हुई है। इसके लिए यूपी और बिहार के कई अस्पतालों में तैयारी की जा रही है। बीते मंगलवार को पटना के आईजीआईएमएस अस्पताल में मॉक ड्रिल किया गया। इसके साथ ही कोरोना की तैयारी के तौर पर 15 बेड का आईसीयू सेंटर को भी शुरू किया गया है।
मालूम हो कि बिहार में पिछले कुछ दिनों से कोरोना के नए मामलों में उछाल आया है। इस बीच विशेषज्ञों का कहना है कि इससे घबराने की जरूरत नहीं है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले सप्ताह से बिहार में कोविड-19 के मामलों में दस गुना से अधिक की वृद्धि देखी गई है। बिहार में रविवार तक शून्य एक्टिव मामले थे, अब 14 हो गए हैं, जिनमें से 12 गया जिले के मामले हैं। इसका कारण गया में दलाई लामा के प्रवचनों में भाग लेने के लिए विदेश से तीर्थयात्रियों का आना बताया जा रहा है।
म्यांमार और बैंकॉक से आए बौद्ध धर्मावलंबियों में कोरोना संक्रमण के इसके फैलने का खतरा काफी ज्यादा बढ़ गया है। ऐसे में विदेशी धर्मावलंबियों के लगातार भारत आने से अब पूरा एयरपोर्ट प्रशासन अलर्ट है। साथ ही बिहार सरकार के सामने इस महामारी को रोकने की चिंता काफी ज्यादा बढ़ गई है। फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि संक्रमित लोगों में कौन सा वेरिएंट है। हालांकि, अंदाजा लगया जा रहा है कि कोरोना का नया वेरिएंट ही हो सकता है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने भी कोरोना से निटपने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। बीते मंगलवार को कई अस्पतालों में मॉक ड्रिल किए गए हैं। राज्य के लगभग सभी अस्पतालों में कोविड से निपटने को लेकर पुख्ता तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लोगों को भीड़-भाड़ इलाकों में जाने से पहले मास्क लगाने की सलाह दी है। वहीं, अस्पताल परिसर में मास्क लगाकर जाना अनिवार्य कर दिया गया है।