
... Read More
कोरोना वायरस : संक्रमित लोगों की संख्या 30 तक पहुंची, दिल्ली-एनसीआर में 3 मामले।
Coronavirus Latest News in Hindi : चीन में कोरोनावायरस (सीओवीआईडी-19) से संक्रमित हुए 1,681 रोगियों को उपचार और पूर्ण रूप से स्वस्थ होने के बाद गुरुवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। नेशनल हेल्थ कमीशन ने शुक्रवार को इस बात की जानकारी दी। कमीशन ने अपनी डेली रिपोर्ट में कहा कि अब तक कुल 53,726 मरीजों को गुरुवार तक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, चीन में अभी तक कोरोनावायरस संक्रमण के कुल 80,552 मामलों की पुष्टि हुई है और संक्रमण के चलते 3,042 लोगों की मौत हो चुकी है।
वहीं, भारत में भी कोरोनावायरस (Coronavirus in India in Hindi) के केसेज लगातार बढ़ रहे हैं। गाजियाबाद में नोवेल कोरोना वायरस (कोविड-19) का एक नया मामला सामने आने के साथ ही देश में वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 30 तक पहुंच चुकी है। इनमें से तीन मामले दिल्ली-एनसीआर के हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को पुष्टि की कि अभी तक देश में कोविड-19 के कुल पाजिटिव मामलों की संख्या 30 हो गई है।
इन मामलों में केरल के वह तीन संक्रमित लोग भी शामिल हैं, जो अब ठीक हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से भी छुट्टी दे दी गई है। दिल्ली-एनसीआर में तीन पाजिटिव रिपोर्ट वाले मामले हैं, जिनमें से दो लोगों ने इटली की यात्रा की थी। एक व्यक्ति ईरान गया था। दिल्ली में संक्रमित पहले व्यक्ति से एक जन्मदिन की पार्टी के दौरान आगरा के छह लोगों को कथित तौर पर संक्रमण हुआ।
तेलंगाना में भी कोरोना के एक मामले की पुष्टि हुई है। संक्रमित व्यक्ति ने दुबई का दौरा किया था, जहां उसे सिंगापुर के एक व्यक्ति से संक्रमण हुआ था। इन मामलों के अलावा 16 इतालवी पर्यटक भी संक्रमित हैं, जो भारत में घूमने आए थे। उनके साथ रह रहा एक भारतीय ड्राइवर भी संक्रमित हुआ है। तेलंगाना के पहले के दो संदिग्ध मामलों की रिपोर्ट नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (एनआईवी) पुणे में नकारात्मक पाई गई है।
मंत्रालय का कहना है कि संक्रमण की चपेट में आए इतालवी पर्यटक और भारतीय नागरिकों की हालात स्थिर है और उन पर कड़ी नजर रखी जा रही है।