
Also Read
Coronavirus in Delhi: राजधानी दिल्ली में कोविड-19 इंफेक्शन के मामले अब बढ़कर 1 लाख से ऊपर हो चुके हैं। वहीं, दिन-ब-दिन स्थिति गम्भीर बनती जा रही है। गुरुवार को जो आंकड़े सामने आए, उसके मुताबिक बीते 24 घंटे के अंदर ही दिल्ली में 105 से अधिक नए कोरोना कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। दिल्ली में फिलहाल 563 कोरोना कंटेनमेंट जोन हो चुके हैं। इन कंटेनमेंट जोन को सील कर दिया गया है। यहां किसी भी प्रकार की आवाजाही भी पूरी तरह बंद कर दी गयी है। सरकार द्वारा जानकारी दी गयी कि पिछले 24 घंटे की अवधि में दिल्ली में कोरोना वायरस से 45 लोगों की मौत हुई है। (New Containment zones identifies in Delhi)
कंटेनमेंट जोन वह इलाके हैं जहां एक साथ कई कोरोना रोगी पाए जाते हैं। इन इलाकों से कोरोना का संक्रमण अन्य क्षेत्रों में भी फैलने का खतरा होता है इसलिए ऐसे इलाकों को सील किया जा रहा है। दिल्ली सरकार के मुताबिक दिल्ली में अब 563 कोरोना हॉटस्पॉट या कंटेनमेंट जोन बनाए जा चुके हैं। बुधवार तक इनकी संख्या 458 थी। (Coronavirus in Delhi update)
गुरुवार को कोरोना बुलेटिन जारी करते हुए दिल्ली सरकार द्वारा कहा गया , "बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना से 45 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है। दिल्ली में अभी तक कोरोना से कुल 3258 व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। 24 घंटे के दौरान ही दिल्ली में 2187 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। दिल्ली में अब कुल 1 लाख, 7 हजार कोरोना पॉजिटिव मामले हो चुके हैं।"
राज्य में अभी तक सामने आए कोरोना पॉजिटिव मामलों में से 82,226 मरीज़ ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। दिल्ली में 21,567 एक्टिव कोरोना रोगी हैं। एक्टिव कोरोना रोगियों में से 12,543 कोरोना पॉजिटिव लोगों का उपचार उनके घरों पर ही हो रहा है। इन सभी व्यक्तियों को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
सरकार द्वारा कहा गया है कि, " दिल्ली में प्रतिदिन सामने आने वाले कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या में कमी आई है। बावजूद इसके अभी भी दिल्ली में कोरोना से प्रतिदिन कई व्यक्तियों की मृत्यु हो रही है। दिल्ली में कोरोना रोगियों के स्वस्थ होने की दर एक महीना पहले तक 38 फीसदी थी। अब 75 फीसदी कोरोना रोगी स्वस्थ हो चुके हैं।"