
... Read More
Written By: Anshumala | Published : February 22, 2021 5:10 PM IST
भारत में फिर से बढ़ने लगे कोरोना केसेज, 24 घंटे में 14 हजार से ज्यादा नए मामले दर्ज, कर्नाटक ने बंद किए केरल के 13 एंट्री पॉइंट।
Corona Cases in India Today in Hindi: भारत में पिछले महीने कोरोना के नए मामलों में काफी गिरावट दर्ज की गई थी और ऐसा लग रहा था कि कोरोनावायरस (Coronavirus in hindi) का खतरा अब कम हो जाएगा, लेकिन ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है। फरवरी महीने में कोरोना मामलों में फिर से उछाल देखा जा रहा है। पिछले एक सप्ताह से भारत में कोरोना के दैनिक मामलों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि देश में पिछले 24 घंटों में कोरोनावायरस संक्रमण के 14,199 नए मामले दर्ज हुए हैं, जिसके बाद मामलों की कुल संख्या 1,10,05,850 हो गई है। इस दौरान 83 लोगों की मौत हो गई है। आज कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 1,56,385 पर पहुंच गई है।
इसी अवधि में 9,695 रोगियों को डिस्चार्ज करने के बाद अब तक ठीक हुए लोगों की संख्या 1,06,99,410 हो गई है। देश में अब 1,50,055 सक्रिय (Corona Cases in India Today in Hindi) मामले हैं। देश में रिकवरी दर 97.22 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.42 प्रतिशत है। इस दौरान 6,20,216 नमूनों का परीक्षण होने के बाद इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) द्वारा जांचे गए नमूनों की संख्या 21,15,51,746 हो गई है।
हाल के दिनों में मामलों की संख्या में आए उतार-चढ़ाव को लेकर बात करें तो बीते एक महीने से देश में दैनिक मामले 15 हजार और मौतें 200 से कम दर्ज (Coronavirus in india in hindi) हो रही थीं। लेकिन पिछले कुछ दिनों से देश के विभिन्न हिस्सों में अचानक से कोरोनावायरस के मामले बढ़ने लगे। शनिवार, 21 फरवरी को देश में 14,264 मामले सामने आए। उससे पहले 20 फरवरी को 13,993 मामले, 19 फरवरी को 13,193 मामले, 18 फरवरी को 12,881 मामले, 17 फरवरी को 11,610 मामले और 16 फरवरी को 9,121 मामले सामने आए थे।
पिछले हफ्ते स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा था कि बीते 15 दिनों से संक्रमण के मामलों का दैनिक औसत 9,000 से 12,000 के बीच और मौतों का दैनिक औसत 78 से 120 के बीच था। अब तक के सबसे कम दैनिक मामलों की बात करें तो 9 फरवरी 2021 को इस साल के सबसे कम 9,110 नए मामले दर्ज किए गए थे। वहीं, बीते साल के लिए यह आंकड़ा 9,633 का था, जो 3 जून को दर्ज किया गया (Corona Cases in India Today in Hindi) था। महामारी से लड़ने के लिए 16 जनवरी से शुरू किए गए टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 1,11,16,854 से अधिक कोरोना वैक्सीन डोज दिए जा चुके हैं।
राज्य कर्नाटक में कोरोना के मामले बढ़ने से कर्नाटक सरकार के एक निर्णय ने केरल के एंट्री पॉइंट्स के करीब रहने वाले लोगों के लिए मुश्किल पैदा कर दी है। अधिकारियों ने सोमवार को वायनाड और कासरगोड जिले से प्रवेश करने वाले 13 पॉइंट्स को बंद करने का फैसला लिया है। इन खुली बॉर्डर्स के दोनों ओर रहने वाले लोग अपनी विभिन्न जरूरतों के लिए आसानी से दोनों राज्यों में आवाजाही करते रहते हैं। इनमें खासतौर पर किसान समुदाय के वो लोग शामिल हैं, जिनकी या तो कर्नाटक में जमीन है या उन्होंने वहां पर लीज पर जमीन ली हुई है।
कर्नाटक के अधिकारियों द्वारा लिए गए इस फैसले को अनुचित करार देते हुए कासरगोड विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ विधायक एन.ए. नेलिकनुन्नु ने कहा है कि यह केंद्र के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है। विपक्ष के इन वरिष्ठ विधायक ने कहा, "हमें पता चला है कि केरल से यात्रा कर कर्नाटक में प्रवेश करने वाले लोगों से अधिकारी आरटी-पीसीआर टेस्ट कराने के लिए कह रहे हैं, जबकि केरल के लोग सभी कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कर रहे हैं, मास्क लगा रहे हैं और उन्होंने कर्नाटक में कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन भी नहीं किया है। ऐसे में इस तरह के प्रतिबंध लगाने का क्या औचित्य है।"
स्रोत: (IANS Hindi)