Coronavirus Cases in India: भारत में कोविड-19 के 1 करोड़ मामले, लेकिन एक्टिव केसेस और मौत के आंकड़े हुए कम, मिल रहे महामारी से राहत के आसार

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार (21 दिसंबर) को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 24,367 नए मामले और 333 मौतें दर्ज की गई हैं, जिनके साथ देश में संक्रमण का कुल आंकड़ा सोमवार को 10,055,560 हो गया। (Coronavirus Cases in India today update)

WrittenBy

Written By: Sadhna Tiwari | Updated : December 21, 2020 2:37 PM IST

Coronavirus Cases in India: भारत में कोरोना वायरस महामारी की चपेट में आने वाले लोगों की संख्या 1 करोड़ के पार पहुंच गयी है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार (21 दिसंबर) को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 24,367 नए मामले और 333 मौतें दर्ज की गई हैं, जिनके साथ देश में संक्रमण का कुल आंकड़ा सोमवार को 10,055,560 हो गया। (Coronavirus Cases in India today update)

भारत में कोविड-19 के नये मामलों में आयी गिरावट

हालांकि,  इन सबके बीच एक राहतभरी ख़बर यह है कि लगातार देश में कोरोना वायरस के केसेस में गिरावट देखी जा रही है। केवल सप्ताहभर में ही नये मामलों की औसतन: संख्या में लगभग 17 फीसदी गिरावट देखी गयी है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने सोमवार को ताज़ा आंकड़े सार्वजनिक किए, जो इस प्रकार हैं-

  • कोरोना संक्रमण के चलते अब तक देश में मरने वालों की संख्या 1,45,810 हो गई है।
  • देश में कोविड से अब तक कुल 96,06,111 लोग रिकवर हो चुके हैं, जबकि पिछले 24 घंटों में 25,709 लोग रिकवर हुए हैं।
  • वर्तमान में 3,03,639 सक्रिय मामले हैं।
  • देश में रिकवरी दर 95.53 प्रतिशत है, जबकि मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है।

देश में कोरोना वायरस के संक्रमितों का पता लगाने के लिए टेस्टिंग भी तेज़ी से चल रही है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ( ICMR) द्वारा उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर, कोविड-19 के लिए अब तक कुल 16,20,98,329 नमूनों का टेस्ट किया गया है। जबकि, इनमें से 9,00,134 नमूनों का टेस्ट रविवार को किया गया।

राज्यों में कैसा है कोरोना का प्रभाव

  • महाराष्ट्र राज्य अभी भी 18,96,518 मामलों के साथ सबसे खराब स्थिति वाला राज्य बना हुआ है।
  • वहीं , देश में दर्ज हुए नए मामलों में 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, केरल, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, दिल्ली, तमिलनाडु, गुजरात और मध्य प्रदेश का 70 प्रतिशत से अधिक योगदान है।
  • महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, केरल, उत्तर प्रदेश, पंजाब, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु और हरियाणा से 75 प्रतिशत से अधिक मौतें दर्ज की गई हैं।

जनवरी 2021 से भारत में वैक्सीनेशन होगा आरंभ

भारत के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बयान दिया है कि आने वाले कुछ हफ्तों में देश में कोरोना वायरस टीकाकरण कार्यक्रम आरंभ हो सकता है। क्योंकि, तब तक देश में लोगों को लगाने के लिए टीका तैयार हो सकेगा। बता दें कि, फिलहाल भारत में 8 कोविड-19 वैक्सीन कैंडिडेट्स हैं, जिनमें तीन स्वदेशी वैक्सीन भी शामिल हैं। वे क्लिनिकल ट्रायल के विभिन्न चरणों में हैं, जो निकट भविष्य में ऑथराइजेशन के लिए तैयार हो सकते हैं।

इसमें एस्ट्राजेनेका और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा विकसित और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा उत्पादित कोविशिल्ड, भारत बायोटेक लिमिटेड द्वारा कोवैक्सिन, जाइडस कैडिला द्वारा जाइकोव-डी और रूसी वैक्सीन स्पुतनिक-5 शामिल है।(Covid-19 Vaccine)

(स्रोत- आईएएनएस, एमएनएस-एसकेपी)

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source