
रश्मि उपाध्याय
रश्मि उपाध्याय साल 2014 से मीडिया क्षेत्र से जुड़ी हैं और TheHealthSite.Com में बतौर एडिटर काम कर रही हैं। इन्हें ... Read More
अमेरिका में लगातार टूट रहा है कोरोना का रिकॉर्ड, पिछले 24 घंटे में आए कोविड-19 के 1 लाख नए मामले
अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 1 लाख नए कोरोनावायरस मामले दर्ज हुए हैं। महामारी की शुरूआत के बाद से अब तक की यह सबसे बड़ी एक-दिवसीय संख्या है। द हिल न्यूज वेबसाइट के मुताबिक, कोविड ट्रैकिंग प्रोजेक्ट के अनुसार, अमेरिका में बुधवार को 1,02,591 मामले सामने आए, जिसके बाद कुल मामलों की संख्या 94,77,709 तक बढ़ गई है। कोलोरैडो, इडाहो, इंडियाना, मैन, मिशिगन, मिनेसोटा, रोड आइलैंड, वाशिंगटन और विस्कॉन्सिन समेत कम से कम 34 राज्यों में बुधवार को मामले सामने आए। देश में अभी करीब 52 हजार कोविड रोगी अस्पताल में भर्ती हैं।
यह भयावह आंकड़े अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव को लेकर बने तनाव के बीच आए हैं। डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बाइडेन जीतने के लिए जरूरी चुनावी वोटों के करीब हैं। उन्होंने घोषणा की है कि वह 'अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में शासन करने के लिए' तैयार हैं, वहीं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने प्रतिद्वंद्वी को रोकने के लिए कोर्ट पहुंच गए हैं।
भारत में कोरोनावायरस के मामलों से जुड़े आंकड़े आज सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी किए। इन आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कुल 50,210 नए केसेस सामने आए, जिसके बाद कुल मामलों की संख्या 83,64,086 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। जिसके मुताबिक पिछले 24 घंटों में भारत में कोविड-19 से 704 लोगों की मृत्यु हो गयी । कोविड-19 की वजह से देश में मरने वालों की कुल संख्या 1,24,315 हो गयी है। भारत के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी डेटा के अनुसार, भारत में कोरोना से रिकवरी रेट 92.09 प्रतिशत हो गयी है, जबकि, मृत्यु दर 1.49 फीसदी है।
वहीॆ, वैश्विक स्तर पर कोरोनावायरस मामलों की बात करें तो, कुल संख्या 4.8 करोड़ से अधिक हो गयी है, जबकि संक्रमण से हुई मौतें 1,223,450 से अधिक हो गई हैं। यह जानकारी जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी ने गुरुवार को दी। विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर सिस्टम साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसएसई) ने अपने नवीनतम अपडेट में बताया कि गुरुवार की सुबह तक कुल मामले और मृत्यु का आंकड़ा क्रमश: 47,997,816 और 1,223,456 हो गया था।