
... Read More
Written By: Anshumala | Published : August 7, 2020 7:21 PM IST
रूस की कोरोना वैक्सीन का ट्रायल हुआ पूरा, 10 अगस्त तक हो सकती है लॉन्च।
corona vaccine update : वैश्विक स्तर पर कोरोनावायरस के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। पूरे विश्व में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 1.9 करोड़ के पार हो गई है, वहीं मौतों की संख्या बढ़कर 713,000 से अधिक हो गई है। जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर सिस्टम साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसएसई) ने अपने ताजा अपडेट में खुलासा किया है कि शुक्रवार की सुबह तक कुल मामलों की संख्या 19,007,938 हो गई थी। वहीं अब तक इस घातक वायरस के कारण दुनिया में 7,13,406 लोगों की मौत हो चुकी थी। आज हर किसी को बस एक कोरोना वैक्सीन का इंतजार है। हालांकि, वैक्सीन को लेकर रूस से एक अच्छी खबर ये आ रही है कि वहां वैक्सीन का ट्रालय पूरा हो गया है।
रूस की इस वैक्सीन को गामालेया इंस्टीट्यूट ने बनाया है। इस वैक्सीन से संबंधित यह बात सामने आ रही है कि इसे 10 अगस्त या उससे पहले ही बाजार में लॉन्च कर दिया जाएगा। एक खबर के अनुसार, रूस के स्वास्थ्य मंत्री का कहना है कि गामालेया इंस्टीट्यूट की वैक्सीन (corona vaccine update in hindi) का ट्रायल पूरा हो चुका है। यह वैक्सीन बाजार में कब तक आएगी, यह बात उसके वैज्ञानिकों पर निर्भर करती है।
गामालेया इंस्टीट्यूट मॉस्को में स्थित है और इसके वैज्ञानिकों ने दावा किया था कि अगस्त के मध्य तक कोरोनावायरस की पहली वैक्सीन को मंजूरी मिल सकती है और बाजार में भी उपलब्ध होगी। फिलहाल 10 अगस्त तक वैक्सीन को मंजूरी मिलने की तारीख पर रूसी अधिकारी और वैज्ञानिक पहले से ही काम कर रहे हैं।
हालांकि, आम लोगों तक इस वैक्सीन के पहुंचने से पहले यह फ्रंटलाइन हेल्थ वर्कर्स को उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि, रूस ने अभी तक वैक्सीन के ट्रायल का कोई डाटा जारी नहीं किया है। इस वैक्सीन को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। यह भी कहा जा रहा है कि पॉलिटिकल दबाव के कारण इसे जल्दी लॉन्च करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही वैक्सीन के अधूरे ह्यूमन ट्रायल पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर सिस्टम साइंस एंड इंजीनियरिंग के अनुसार, अमेरिका अब भी दुनिया में सबसे अधिक कोरोना प्रभावित देश बना हुआ है। यहां 48,81,974 मामले और 1,60,090 मौतें दर्ज हो चुकी हैं। इसके बाद ब्राजील 29,12,212 मामलों और 98,493 मौतों के साथ दूसरे स्थान पर है। संक्रमण के मामलों की बात करें तो भारत 19,64,536 संख्या के साथ तीसरे नंबर पर है।
आखिर क्यों अमेरिका में तेजी से फैल रहा है कोरोनावायरस, ये हैं मुख्य वजहें