संभावित कोरोना वैक्सीन के लिए यूरोपीय आयोग ने मॉडर्ना से किया करार, 12 से 18 महीने में यूरोपीय नागरिकों को मिल जाएगी वैक्सीन

यूरोपीय आयोग ने 12 से 18 महीनों के भीतर सभी यूरोपीय नागरिकों को उच्च-गुणवत्ता वाले, सुरक्षित, प्रभावी और सस्ती वैक्सीन को पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

WrittenBy

Written By: Anshumala | Updated : August 25, 2020 5:31 PM IST

कोविड-19 से दुनिया भर के लोगों को सुरक्षित रखने के लिए कोरोना वैक्सीन के विकास में कई देशों के वैज्ञानिक जी-जान से जुटे हुए हैं। इधर, यूरोपीय आयोग (European Commission) ने कोविड-19 के खिलाफ संभावित वैक्सीन खरीदने के लिए वैक्सीन की खोज, विकास और टेक्नॉलॉजी पर काम करने वाली अमेरिकी कंपनी मॉडर्ना से बातचीत का दौर भी पूरा कर लिया है। आयोग ने इस बात की जानकारी एक बयान जारी कर दी है।

 कॉन्ट्रैक्ट में 8 करोड़ डोज खरीदे जाएंगे

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, आयोग ने यूरोपीय संघ (ईयू) के सदस्य राज्यों की ओर से इस फार्मेसी कंपनी के साथ एक कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा की है। इसके तहत कोविड-19 वैक्सीन (Covid-19 vaccine) के 80 मिलियन यानी कि 8 करोड़ डोज खरीदे जाएंगे। इस कॉन्ट्रैक्ट के तहत इतने और डोज खरीदने का विकल्प भी रखा गया है। जैसे ही वैक्सीन सुरक्षित (corona vaccine) और प्रभावी साबित होगी, इसकी आपूर्ति की जाएगी।

पांचवीं दवा कंपनी के साथ बातचीत संपन्न

आयोग के अध्यक्ष उसुर्ला वॉन डेर लेयेन ने कहा, "गहन चर्चा के बाद यूरोपीय आयोग ने यूरोपीय लोगों को कोरोनावायरस के खिलाफ वैक्सीन को जल्द उपलब्ध कराने के लिए पांचवीं दवा कंपनी के साथ बातचीत संपन्न की है।" इससे पहले आयोग ने सनोफी-जीएसके, जॉनसन एंड जॉनसन (Johnson & Johnson) और क्योरवैक के साथ भी बातचीत पूरी कर ली है और वैक्सीन (Vaccine) खरीदने के लिए एस्ट्राजेनेका (AstraZeneca) के साथ एक प्रारंभिक समझौते पर हस्ताक्षर भी कर लिए हैं। इस बयान में कहा गया है कि वैक्सीन के अन्य उत्पादकों के साथ भी चर्चा जारी है।

12 से 18 महीनों में मिल जाएगी कोरोना वैक्सीन

यूरोपीय आयोग ने 12 से 18 महीनों के भीतर सभी यूरोपीय नागरिकों को उच्च-गुणवत्ता वाले, सुरक्षित, प्रभावी और सस्ती वैक्सीन को पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। बता दें कि 20 अगस्त तक दुनिया भर में कोविड-19 के 169 उम्मीदवार वैक्सीन विकसित कर रहे थे और उनमें से 30 के क्लीनिकल ट्रायल चल रहे थे।

डब्ल्यूएचओ चीफ ने कहा, कोरोना को हराने के लिए वैक्सीन पर वैश्विक सहयोग है जरूरी

संक्रमित मां के दूध से होगा मरीजों का इलाज, 30 महिलाओं में मिली एंटीबॉडी

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source