Corona Vacine: CM अरविंद केजरीवाल ने कहा राजधानी में 81 सेंटरों में लगेगी कोरोना वैक्‍सीन, रोज 8,100 लोगों को दी जाएगी डोज

दिल्ली में प्रतिदिन करीब 8,100 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। दिल्ली को केंद्र सरकार (Central Goverment On Corona Vaccine) से लगभग एक लाख 20 हजार हेल्थ वर्कर्स को वैक्सीनेशन के लिए डोज मिल चुकी है।

WrittenBy

Written By: Rashmi Upadhyay | Updated : January 14, 2021 2:43 PM IST

देशभर में कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण (Corona Vacine) 16 जनवरी से शुरू होने वाला है। राजधानी दिल्‍ली भी इससे अछूती नहीं है। यहां 16 जनवरी से कोरोनावायरस रोकने के लिए वैक्सीनेशन कार्यक्रम (Corona Vaccine In Delhi) शुरू कर दिया जाएगा। दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Chief Minister Arvind Kejriwal) गुरुवार को कहा कि दिल्‍ली में 16 जनवरी को कुल 81 जगहों पर लोगों को कोरोना वैक्‍सीन देने की व्‍यवस्‍था की जाएगी। उन्‍होंने कहा कि फिर आने वाले समय में 81 जगहों को 175 और फिर 1000 कर दिया जाएगा।

CM केजरीवाल ने प्रेस कॉन्‍फ्रेंस के माध्‍यम से कहा कि केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार शुरुआत में हर सेंटर पर रोज 100 लोगों को वैक्‍सीन दी जाएगी। सप्‍ताह में 4 दिन वैक्‍सीन कार्यक्रम चलाया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि वर्तमान में उन्‍हें केंद्र से 2,74,000 कोरोना की डोज मिली है। हर व्‍यक्ति को दो डोज दी जानी है। टूट फूट व अन्य नुकसान को ध्यान में रखकर केंद्र सरकार ने 10 प्रतिशत अतिरिक्त वैक्सीन दी है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, दिल्ली में दो लाख 40 हजार हेल्थ केयर वर्कर्स ने कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए अपना पंजीकरण कराया है। फिलहाल केंद्र सरकार से मिली वैक्सीन एक लाख 20 हजार हेल्थ वर्कर्स को लगाई जा सकती है। उम्मीद है कि जल्द ही बाकी के हेल्थ वर्कर्स के लिए भी कोरोना वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी।

दिल्ली सरकार के मुताबिक आने वाले दिनों में कोरोना वैक्सीन लगाने की दर भी बढ़ाई जाएगी। दिल्ली सरकार कोरोना वैक्सीनेशन केंद्रों की संख्या 81 से बढ़ाकर 175 करने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मुताबिक जल्द ही कोरोना वैक्सीनेशन केंद्रों की संख्या 1,000 तक बढ़ाई जाएगी। दिल्ली में बुधवार और शुक्रवार को अन्य बीमारियों से बचने की वैक्सीन लगाई जाती है। दिल्ली सरकार के मुताबिक पहले से चले आ रहे इस वैक्सीनेशन कार्यक्रम को प्रभावित नहीं किया जाएगा। इसलिए इन 2 दिनों को कोरोना वैक्सीन लगाने के कार्यक्रम से अलग रखा गया है।