
रश्मि उपाध्याय
रश्मि उपाध्याय साल 2014 से मीडिया क्षेत्र से जुड़ी हैं और TheHealthSite.Com में बतौर एडिटर काम कर रही हैं। इन्हें ... Read More
देशभर में त्यौहारों का सीजन शुरू हो चुका है। लोग इस समय को जितना इन्ज्वॉय कर रहे हैं उतना ही इसका कोरोना के मामलों पर भी दिख रहा है। दिल्ली में बुधवार को कोरोनावायरस से संक्रमण के दैनिक तौर पर आने वाले मामलों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई। नए मरीजों की संख्या 5,673 होकर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। दिल्ली में बुधवार को कोरोना मरीजों की संख्या पहली बार पांच हजार के आंकड़े को पार कर गई है। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के नए मरीजों की संख्या पिछले 24 घंटे में 5673 को पार गई।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, इन नए मामलों के साथ ही दिल्ली में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 3.7 लाख से अधिक हो गई है। राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 40 लोगों की मौत हो गई है। दिल्ली में कोरोना की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 6396 हो गई है।
राष्ट्रीय राजधानी कोरोना की तीसरी लहर से जूझ रही है और यहां पिछले छह दिनों से प्रतिदिन 4,000 से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ बढ़ते कोरोना मामलों ने चिंता बढ़ा दी है, खासकर तब, जब राष्ट्रीय स्तर पर कोरोना मामलों में गिरावट देखी जा रही है।
मंगलवार को दिल्ली में 4,853 नए संक्रमण के मामले सामने आए थे और उस समय 24 घंटों के दौरान संक्रमण की वजह से 44 लोगों ने जान गंवाई थी। चिकित्सा विशेषज्ञों ने सुझाव दिया है कि कोविड-19 वायरस तापमान के गिरने के साथ और भी अधिक शक्तिशाली और घातक हो सकता है। कोविड मामलों में वृद्धि को राष्ट्रीय राजधानी में बिगड़ते प्रदूषण से भी जोड़ा गया है।
गौरतलब है कि मंगलवार को दिल्ली सरकार ने कोरोना बुलेटिन जारी करते हुए कहा, “बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 4853 नए मामले सामने आए हैं। इसी दौरान 2722 कोरोना संक्रमित व्यक्ति स्वस्थ हुए हैं। 24 घंटे के दौरान ही दिल्ली में 44 व्यक्तियों की कोरोना से मृत्यु हुई। दिल्ली में अब तक 6356 व्यक्ति कोरोना के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं। राष्ट्रीय राजधानी में कुल 3,64,341 व्यक्तियों को कोरोना हुआ और इनमें से 3,30,112 व्यक्ति स्वस्थ हो चुके हैं। दिल्ली में फिलहाल 27,873 एक्टिव कोरोना रोगी है।”
वहीं दिल्ली में लगातार कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़ रही है। फिलहाल पूरी दिल्ली में 3032 कोरोना कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। कोरोना संक्रमण के दौरान वायु प्रदूषण जानलेवा साबित हो सकता है। इसी को देखते हुए दिल्ली सरकार ने कई अहम निर्णय लिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “यह वायु प्रदूषण जानलेवा हो सकता है। खासतौर पर इस कोरोना संक्रमण के साल में। कोरोना फेफड़ों पर हमला करता है, ऐसे में प्रदूषित वायु खतरनाक साबित हो सकती है। इसलिए हमने दिल्ली में प्रदूषण के विरोध लड़ाई छेड़ने का अभियान शुरू किया है। इस अभियान का नाम ‘युद्ध प्रदूषण के विरुद्ध है’।”