
रश्मि उपाध्याय
रश्मि उपाध्याय साल 2014 से मीडिया क्षेत्र से जुड़ी हैं और TheHealthSite.Com में बतौर एडिटर काम कर रही हैं। इन्हें ... Read More
Written By: Rashmi Upadhyay | Updated : April 5, 2021 11:38 AM IST
सरकारी कार्यालय 4 बजे बंद हो जाएंगे तो वहीं, फैक्ट्रियां, आईटी कंपनियां और केमिस्ट की दुकानें शाम 5 बजे के बाद नहीं खोली जा सकेंगी।
देश में कोरोनावायरस ने एक बार फिर से जोर पकड़ लिया है। देशभर में बढ़ रही कोरोना की तेज रफ्तार राजस्थान (Corona in Rajasthan) में भी दिख रही है। कोविड 19 के बढ़ते केस देखते हुए राजस्थान सरकार ने राज्य में नई गाइडलाइंस जारी कर दी हैं। जिसके तहत आज से यानि कि 5 अप्रैल से 19 अप्रैल तक राजस्थान के सभी जिम, सिनेमा हॉल, स्विमिंग पूल और एम्यूजमेंट पार्क बंद रहेंगे। इसके साथ ही निर्धारित समय तक राज्य में रेस्तरां भी बंद रहेंगे लेकिन होम डिलीवरी की अनुमति रहेगी। राजस्थान सरकार ने पहली से 9वीं कक्षा तक के स्कूलों को भी बंद रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Rajasthan CM Ashok Gehlot) ने कोविड मामलों में तेजी से हुई बढ़ोतरी के स्थिति की समीक्षा के लिए रविवार की रात एक उच्च स्तरीय बैठक की थी, जिसमें ये निर्णय लिए गए थे। इससे पहले शनिवार को मुख्यमंत्री ने घोषणा कर दी थी कि कोविड के प्रसार की जांच करने के लिए अगले 15 दिनों तक सख्त कदम उठाए जाएंगे।
राजस्थान की गहलोत सरकार ने स्नातक और स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष को छोड़कर कॉलेजों में चलने वाली बाकी सभी कक्षाओं को भी बंद करने की घोषणा की हैं। हालांकि जिन बच्चों के प्रेक्टिकल होने हैं उन्हें कॉलेज जाने की अनुमति रहेगी।
कोरोना के बढ़ते केस देख सरकार ने जिला कलेक्टरों और पुलिस आयुक्तों को विशेष अधिकार भी दिया है। इसके तहत जरूरत के हिसाब से जो चाहें तो अपने क्षेत्राधिकार में रात का कर्फ्यू लगा सकते हैं।
सरकार ने शादियों और दफ्तरों में कर्मचारियों की स्थिति को लेकर भी नए दिशानिर्देश दिए हैं। इसके तहत अब शादियों में शामिल होने के लिए केवल 100 लोगों को अनुमति दी जाएगी। वहीं सरकारी कार्यालयों में केवल 75 प्रतिशत कर्मचारियों को काम करने के लिए आने की अनुमति दी जाएगी। साथ ही लोगों को उन जगहों की यात्रा न करने की सलाह दी है, जहां कोविड मरीज ज्यादा हैं।
बता दें कि राजस्थान में पिछले एक हफ्ते में 8,000 से ज्यादा कोविड मामले सामने आए हैं। वहीं पिछले 24 घंटों में 1,729 मामले सामने आए हैं, जिनमें से सबसे ज्यादा मामले जयपुर में 258 दर्ज हुए। इसके अलावा अजमेर में 96, भीलवाड़ा में 96, चित्तौड़गढ़ में 68, जोधपुर में 194, कोटा में 225, डूंगरपुर में 72 और उदयपुर में 137 मामले आए हैं। राज्य में अब सक्रिय मामलों की संख्या 12,878 हो गई है।