कोरोना का उपचार करने के बाद दिल्ली के अस्पताल ने मांगे 1.8 करोड़, कांग्रेस नेता ने स्वास्थ्य मंत्री से मांगा जवाब

स्वास्थ्य मंत्री को लिखे पत्र में, तिवारी ने लिखा, "मैं आपसे तुरंत स्पष्टीकरण मांगूंगा कि अस्पताल ने एक मरीज से इतनी अधिक राशि क्यों और कैसे ली, चाहे वह कितना भी अस्वस्थ हो या ना हो।"

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : September 8, 2021 11:13 PM IST

दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल द्वारा कोरोना के इलाज के लिए 1.8 करोड़ रुपए लिए जाने पर बवाल मच गया है। विपक्षी नेता केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से जवाब मांग रहे हैं कि कोरोनावायरस का उपचार के लिए इतनी बड़ी राशि क्यों ली जा रही है? क्या यह सही है? इस मुद्दे पर नेताओं द्वारा किए गए ट्वीट पर बहस छिड़ी हुई है।

दरअसल, कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया को पत्र लिखा है, जिसमें कहा गया कि दिल्ली के एक निजी अस्पताल ने एक मरीज से कोविड-19 के इलाज के लिए 1.8 करोड़ रुपये लिए हैं। कांग्रेस नेता ने मांग की कि ऐसी घटनाओं से बचने के लिए एक रेगुलेटर नियुक्त किया जाना चाहिए। स्वास्थ्य मंत्री को लिखे पत्र में, तिवारी ने लिखा, "मैं आपसे तुरंत स्पष्टीकरण मांगूंगा कि अस्पताल ने एक मरीज से इतनी अधिक राशि क्यों और कैसे ली, चाहे वह कितना भी अस्वस्थ हो या ना हो।"

उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार को तुरंत एक रेगुलेटर नियुक्त करने के लिए एक विधेयक लाना चाहिए।

यह मामला तब सामने आया, जब आप के मालवीय नगर विधायक सोमनाथ भारती ने सोमवार को मैक्स अस्पताल, साकेत में एक व्यक्ति के कोविड के इलाज के लिए कथित तौर पर 1.8 करोड़ रुपये चार्ज करने के लिए फटकार लगाई, जिसे अप्रैल के अंत में भर्ती कराया गया था और इस महीने की शुरूआत में छुट्टी दे दी गई थी।

उन्होंने ट्वीट किया, "कोरोना के इलाज के लिए अस्पताल द्वारा चार्ज किए जाने के लिए आपने अधिकतम कितना सुना है? 25 लाख रुपये? 50 लाख रुपये? नहीं, यह 1.8 करोड़ रुपये है! मैक्स हेल्थकेयर साकेत ने अपने पति के लिए एक पत्नी से यह अविश्वसनीय पैसे ली और फिर उस पर चिल्लाया जब उन्होंने छूट मांगने के लिए मेरी मदद ली।"

रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल ने कहा कि रोगी मधुमेह, उच्च रक्तचाप से ग्रस्त था और लीवर की शिथिलता और सेप्सिस के कारण कई मुश्किलें आईं। रोगी लगभग साढ़े चार महीने तक अस्पताल में भर्ती रहा और 6 सितंबर को उसे छुट्टी दे दी गई।

(आईएएनएस)

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source