
रश्मि उपाध्याय
रश्मि उपाध्याय साल 2014 से मीडिया क्षेत्र से जुड़ी हैं और TheHealthSite.Com में बतौर एडिटर काम कर रही हैं। इन्हें ... Read More
Written By: Rashmi Upadhyay | Updated : September 16, 2021 12:26 PM IST
फिरोजाबाद जिले में अबतक वायरल डिजीज और बुखार के कारण 130 लोगों की मौत हो चुकी है जिसमें से 99 बच्चे हैं.
उत्तर प्रदेश में वायरल फीवर (Viral Fever In Uttar Pradesh) का कहर जारी है। यूपी का फिरोजाबाद जिला वायरल फीवर और डेंगू से सबसे ज्यादा प्रभावित जिला साबित हो रहा है। यहां जवानों समेत बच्चों में भी वायरल फीवर और डेंगू के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। वायरल डिजीज और डेंगू की स्थिति का मुआयना लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में 10 डॉक्टर्स और 5 हेल्थ एक्सपर्ट की टीम फिरोजाबाद भेजी है। 3 हफ्तों के अंदर यह तीसरी राज्य स्तर की टीम है जो फिरोजाबाद (Dengue and Fever Cases In Firozabad) का दौरा करने गई है। बता दें कि जिले में अबतक वायरल डिजीज और बुखार के कारण 130 लोगों की मौत हो चुकी है जिसमें से 99 बच्चे हैं।
नई टीम का नेतृत्व वेक्टर जनित रोग के राज्य निदेशक जीएस वाजपेयी करेंगे। इसमें करीब 1 हफ्ते तक फिरोजाबाद में कैंप लगेगा जिसमें अस्पतालों में भर्ती मरीजों को मॉनिटर किया जाएगा। बुधवार को हुई बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अस्पतालों को वो सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएं जिनकी उन्हें जरूरत है। सीएम ने ये भी कहा कि यदि अस्पतालों में डॉक्टर्स की कमी है या स्पेशल बीमारी के लिए डॉक्टर्स नहीं है तो तो वो भी भेजे जाएं। सीएम ने प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई और फॉगिंग को तेज करने के भी आदेश दिए हैं। नगर विकास विभाग द्वारा अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की जाएगी। स्थिति ये है कि एक मेडिकल कॉलेज के 18 बेडों वाले एमरजेंसी वॉर्ड में 36 गंभीर मरीजों का इलाज चल रहा है और 459 अन्य में डेंगू के लक्षण दिखने वाले मरीजों का इलाज डेजिगनेटिड वॉर्ड में चल रहा है। इनमें दो तिहाई बच्चे हैं।