
... Read More
Written By: Anshumala | Published : August 18, 2020 8:45 AM IST
चीन भी साल के अंत तक कर सकता है कोरोना वैक्सीन लॉन्च, Ad5-nCoV को मिला पेटेंट।
Coronavirus vaccine update: कोरोना वैक्सीन बनाने की रेस में अब चीन ने भी एक बड़ी सफलता हासिल कर ली है। चीन के एक सरकारी न्यूज पेपर ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, चीन की कंपनी कैन्सिनो बायोलॉजिक्स इंक (CanSino Biologics Inc) द्वारा तैयार की गई कोविड-19 वैक्सीन एडी5-एनसीओवी (Ad5-nCoV) को पेटेंट मिल गया है। खबरों के अनुसार, इस वैक्सीन को पेटेंट कराने के लिए 18 मार्च को ही रिक्वेस्ट किया गया था। हालांकि, इसे मंजूरी मिलने में पूरे 5 महीने लगे और अंतत: 11 अगस्त को इसे वैक्सीन को मंजूरी मिली। वैक्सीन एडी5-एनसीओवी (Ad5-nCoV) का निर्माण चीनी सेना और कैन्सिनो बायोलॉजिक्स कंपनी ने एक साथ मिलकर किया है।
चीनी विशेषज्ञों का कहना है कि यह वैक्सीन बेहद सुरक्षित तरीके से बनाई जा रही है और इस कार्य को पूरा करने के लिए प्रभावी तरीके और काफी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। कहा जा रहा है कि यह वैक्सीन इस साल के अंत तक लॉन्च कर दी जाएगी। अभी यह वैक्सीन तीसरे स्टेज के ट्रायल से गुजर रही है। इसका यह ट्रायल कई देशों में चल रहा है। चीन के अनुसार, ट्रायल के दौरान वैक्सीन की प्रभावी क्षमता का आकलन किया जाएगा। यदि वैक्सीन Ad5-nCoV सुरक्षित और सफल होगी, तो ही इसे मार्केट में लॉन्च किया जाएगा।
कैन्सिनो बायोलॉजिक्स इंक की इस वैक्सीन के अलावा चीन एक और वैक्सीन बना रहा है, जिसे सफलता मिली है। इसका निर्माण कर रही है दवा कंपनी सिनोफार्म (Sinopharm)। यह वैक्सीन अपने शुरुआती और मिड स्टेज के ट्रायल में सुरक्षित और काफी असरदार साबित हुई है। चीनी वैज्ञानिकों का कहना है कि इस वैक्सीन के उपयोग के बाद इम्यून रिस्पॉन्स में एंटीबॉडी पैदा हुई हैं। इसके लिए उन्होंने लगभग 320 स्वस्थ लोगों पर पहले और दूसरे फेज का ट्रायल किया था।
जर्नल ऑफ द अमेरिकन मेडिकल एसोसिएशन में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, सिनोफार्म द्वारा तैयार की गई इस वैक्सीन के साइड इफेक्ट्स नजर नहीं आए हैं। वैसे, अब तक यह बात साफ नहीं हुई है कि शरीर में एंटीबॉडी कितनी मात्रा में बनी है। क्या यह कोरोनावायरस से संक्रमित होने से लोगों को बचा पाने में कामयाब होगी भी या नहीं?
कई खबरों के अनुसार, सिनोफार्म की इस वैक्सीन का ट्रायल लगभग 15 हजार लोगों पर यूएई में किया जाएगा। यदि इस ट्रायल के नतीजे पॉजिटिव आते हैं, तो चीन इस वैक्सीन की खुराक पाकिस्तान को भी दे सकता है। सिनोफार्म कंपनी के चेयरमैन का कहना है कि यह वैक्सीन इस वर्ष के अंत तक तैयार हो जाएगी।