Don’t Miss Out on the Latest Updates.
Subscribe to Our Newsletter Today!
- लेटेस्ट
- डिज़ीज़
- डाइट
- फिटनेस
- ब्यूटी
- घरेलू नुस्खे
- वीडियो
- पुरुष स्वास्थ्य
- मेंटल हेल्थ
- सेक्सुअल हेल्थ
- फोटो स्टोरी
- आयुष
- पेरेंटिंग
- न्यूज
दुनियाभर में एक बार फिर से कोरोनावायरस के नए वेरिएंट ने डर का माहौल फैला दिया है। इस डर के बीच केंद्र सरकार ने गुरुवार को सभी राज्य व केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखकर दक्षिण अफ्रीका, हॉन्ग-कॉन्ग और बोत्सवाना से आने वाले यात्रियों की सख्त जांच व टेस्टिंग करने को कहा है। इन तीनों देशों में कोविड-19 का एक नया वेरिएंट मिला है, जिसके गंभीर स्वास्थ्य परिणाम देखने को मिल रहे हैं। जानिए क्या लिखा है पत्र में।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्य व केंद्र शासित प्रदेशों के अतिरिक्त मुख्य सचिव / प्रधान सचिव / सचिव (स्वास्थ्य) को पत्र लिखकर कहा है कि तीन देशों में नए कोविड -19 वेरिएंट, जिसका नाम B.1.1.529 है, के कई मामले सामने आए हैं, जिसमें बोत्सवाना में 3 मामले, दक्षिण अफ्रीका में 6 और हॉन्ग कॉन्ग में 1 मामला सामने आया है। इसके अलावा पत्र में स्वास्थ्य सचिव ने सभी सचिवों से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि जिस भी यात्री का टेस्ट पॉजिटिव आता है उसे तुरंत किसी जीनोम स्कीवेंस प्रयोगशाला में भेजा जाए।
भूषण ने सभी राज्य सचिवों को लिखे अपने पत्र में ये भी कहा कि हाल ही में वीजा प्रतिबंधों और अंतरराष्ट्रीय यात्रा को फिर से खोलने के मद्देनजर ये जरूरी हो जाता है कि सख्त स्क्रीनिंग की जाए क्योंकि इस वेरिएंट का म्यूटेशनबहुत ज्यादा है, जो गंभीर स्वास्थ्य परिणाम का कारण बन सकता है। वहीं ब्रिटेन ने भी दक्षिण अफ्रीका में नया वेरिएंट पाए जाने के बाद वहां से आने वाले यात्रियों पर रोक लगा दी है।
पत्र के मुताबिक, इन सभी देशों से यात्रा करने वाले सभी विदेशी यात्रियों के लिए ये अनिवार्य है कि उनकी सख्त स्क्रीनिंग हो और उनका टेस्ट किया जाए। केंद्र सरकार ने इन देशों से भारत आने वाले विदेशी यात्रियों को 'एट रिस्क' की श्रेणी में डाला है, जिसके बाद 11 नवंबर को जारी नए दिशा-निर्देशों में बदलाव किया गया है, जो खासकर विदेशी यात्रियों के लिए बनाए गए हैं।
MoHFW दिशानिर्देशों के मुताबिक इन देशों से भारत आने वाले विदेशी यात्रियों के रिश्तेदारों और करीबी संपर्कों को भी बारीकी से नजर रखी जाएगी और उनका टेस्ट किया जाएगा। हाल ही में दक्षिण अफ्रीका में कोविड -19 के नए वेरिएंट का पता चला है, जिसमें पहले की तुलना में बड़ी मात्रा में स्पाइक म्यूटेशन होने की आशंका है।