अब नहीं देने होंगे कोविड बूस्टर डोज के लिए पैसे, इस तारीख से उपलब्ध होगी मुफ्त वैक्सीनेशन की सुविधा

यह डोज 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी भारतीय नागरिकों के लिए मुहैया करायी जाएंगी और यह सुविधा हर सरकारी वैक्सीनेशन सेंटर पर उपलब्ध होगी।’

WrittenBy

Written By: Sadhna Tiwari | Updated : July 13, 2022 7:18 PM IST

Free Covid Booster Dose: कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में बीते दिनों में दर्ज की गयी बढ़ोतरी के बीच केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। एक नये बयान के अनुसार, अब 18 साल की उम्र से ऊपर के सभी लोगों को कोविड वैक्सीन की बूस्टर डोज मुफ्त लगायी जाएगी। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) द्वारा यह जानकारी दी गयी। अनुराग ठाकुर ने बताया कि, ‘अब यह तय किया गया है कि 15 जुलाई 2022 से 75 दिनों के लिए लोगों को मुफ्त बूस्टर डोज उपलब्ध होगीं। यह डोज 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी भारतीय नागरिकों के लिए मुहैया करायी जाएंगी और यह सुविधा हर सरकारी वैक्सीनेशन सेंटर पर उपलब्ध होगी।’ (Free Covid Booster Dose In Hindi )

अब सभी के लिए फ्री होगी बूस्टर डोज

अनुराग ठाकुर ने बताया कि, अब तक बूस्टर डोज लेने वाले कुछ लोगों से वैक्सीन का शुल्क लिया गया था। वहीं प्राइवेट सेक्टर में लगायी गयीं वैक्सीन के लिए भी लोगों को पैसे देने पड़े। जबकि, अब तक निशुल्क बूस्टर डोज केवल उन्हीं लोगों  दी जाती थी जिनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक थी या जो फ्रंटलाइन वर्कर या कोविड वॉरियर थे।

75 दिनों तक मुफ्त में लगायी जाएगी वैक्सीन

बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा कोविड वैक्सीन की सेकेंड डोज और तीसरी डोज या  बूस्टर डोज़ के बीच के अंतर को भी कम कर दिया गया।  जहां पहले 9 महीने के बाद बूस्टर डोज मिल पाती थी वहीं, अब दूसरी डोज से 6 महीने के बाद  बूस्टर डोज लगवायी जा सकती है।

वहीं,  केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने बुधवार को घोषणा करते हुए कहा कि केंद्र 15 जुलाई से 75 दिवसीय विशेष अभियान के तहत सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर 18-59 आयु वर्ग के लोगों के लिए कोविड टीकों की मुफ्त बूस्टर खुराक उपलब्ध कराएगा।

उन्होंने कहा कि भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाने के लिए सरकार के आजादी का अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में अगले 75 दिनों तक मुफ्त बूस्टर खुराक अभियान चलाया जाएगा। कोविड की एहतियाती (बूस्टर) खुराक को बढ़ावा देने के लिए यह कदम उठाया गया है। मंडाविया ने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।

वैक्सीनेशन के लिए  पात्र आबादी से एहतियाती खुराक लेने का आग्रह करते हुए, उन्होंने बाद एक अन्य ट्वीट में कहा, "इस निर्णय के साथ, भारत की कोविड के खिलाफ लड़ाई को मजबूत किया जाएगा और नागरिकों की अतिरिक्त सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। मेरा आग्रह है कि सभी वयस्क नागरिकों को (कोविड के) निवारण के लिए खुराक मिलनी चाहिए।"