
... Read More
Written By: Anshumala | Updated : February 16, 2021 8:37 PM IST
भारत में बढ़ रहे हैं नए कोरोना वैरिएंट के मामले, दक्षिण अफ्रीका वैरिएंट के 4 और ब्राजील वैरिएंट का 1 मामला आया सामने।
New Coronavirus Variant in India: भारत में पिछले एक महीने से कोरोनावायरस (Coronavirus Cases in India) के दैनिक मामलों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही थी। पिछले 24 घंटों में सिर्फ 9,121 मामले दर्ज हुए हैं, जो कि इस साल का दूसरा सबसे छोटा आंकड़ा है। इसके साथ ही मंगलवार को देश में कोरोना के मामलों की कुल संख्या 1,09,25,710 हो गई है। हालांकि, एक बुरी खबर ये भी आ रही है कि भारत में दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील के वैरिएंट के कुछ मामले सामने आ रहे हैं। इस बात का खुलासा इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) ने किया है। आईसीएमआर के अनुसार, भारत में पिछले दो महीनों में कोरोना के नए वैरिएंट के कुल 192 मामले पाए गए हैं, जिनमें से चार दक्षिण अफ्रीका में उभरते हुए वैरिएंट के और एक ब्राजील के नए वैरिएंट का है। अधिकारियों ने यह जानकारी मंगलवार को दी। शेष मामले ब्रिटेन में विकसित कोरोना के नए वैरिएंट (Corona New Variant in india in Hindi) के हैं।
आईसीएमआर के महानिदेशक प्रो. बलराम भार्गव ने कहा कि अब तक जितने मामले भारत में पाए गए हैं, उसमें किसी की मौत दर्ज नहीं की गई है। भारत में ब्रिटेन के वैरिएंट के साथ-साथ दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील से आने वाले लोगों से संक्रमित हैं। दक्षिण अफ्रीका वैरिएंट यानी बी.1.351 के रूप में जाने जाने वाले कोरोना के बारे में भार्गव ने कहा कि इसके मामले जनवरी में चार देशों से लौटे चार लोगों में पाए गए हैं। इस बीच, ब्राजीलियाई वैरिएंट यानी पी.1 फरवरी के पहले सप्ताह में एक ऐसे व्यक्ति में पाया गया है, जो हाल ही में दक्षिण अमेरिका से लौटा है। यह 15 देशों में फैल गया है।
दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील में मिल रहे म्यूटेंट वेरिएंट के कारण भारत में कोविड-19 के पांच मामले सामने आने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि वह नागरिक उड्डयन मंत्रालय से इस विषय पर चर्चा कर रहा है कि क्या इन दोनों देशों से आने वाले हवाई यात्रियों की संख्या नियंत्रित करने की रणनीति को ठीक वैसे ही लागू किया जा सकता है जैसे कि ब्रिटेन के वैरिएंट का पता लगने के बाद किया गया था। स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि ब्राजील और दक्षिण अफ्रीकी देशों से लौटे लोगों पर नजर रखने के लिए टेस्टिंग, ट्रैकिंग, ट्रीटमेंट और जीनोम अनुक्रमण के उपायों का अनुसरण किए जाने की संभावना है, क्योंकि इन यात्रियों में संभवत: वहां पाए जाने वाले म्येटेंट्स मिल सकते हैं।
देश में कोरोनावायरस से राहत मिलती नजर आ रही है। दैनिक मामलों में लगातार गिरावट के बीच पिछले 24 घंटों में केवल 9,121 मामले दर्ज हुए हैं, जो कि इस साल का दूसरा सबसे छोटा आंकड़ा है। बीते एक महीने से देश में रोजाना मामलों की संख्या 15 हजार से कम दर्ज हो रही है। वहीं, करीब डेढ़ महीने से मौतों का आंकड़ा 200 से नीचे दर्ज हो रहा है। बीते 9 फरवरी को देश में 9,110 नए मामले दर्ज हुए थे, जो कि इस साल के सबसे कम दैनिक मामले थे। वहीं पिछले साल 3 जून को साल 2020 के सबसे कम 9,633 मामले दर्ज किए गए थे। कोविड-19 से हुई मौतों की बात करें तो स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि पिछले 24 घंटों में 81 रोगियों की मौत हुई है। इसके बाद मरने वालों का कुल आंकड़ा 1,55,813 हो गया है। देश में अभी 1,36,872 सक्रिय मामले हैं। देशभर में 16 जनवरी से शुरू हुए टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 87,20,822 वैक्सीन डोज दिए जा चुके हैं।
स्रोत: (IANS Hindi)